Sat, Jul 18th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura News: अवैध खनन की रंजिश में दैनिक अखबार के पत्रकार पर जानलेवा हमला; कार से 3 KM पीछा कर लाठी-डंडों से पीटा

by Tarun Bhardwaj • July 18, 2026
Life-threatening attack on daily newspaper journalist over enmity related to illegal mining

Mathura News: अवैध खनन की रंजिश में दैनिक अखबार के पत्रकार पर जानलेवा हमला; कार से 3 KM पीछा कर लाठी-डंडों से पीटा

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूनिक समय, फरह (मथुरा)। जनपद के फरह थाना क्षेत्र में हौसला बुलंद अपराधियों द्वारा एक स्थानीय पत्रकार पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन माफियाओं की रंजिश के चलते शुक्रवार रात करीब 10 बजे स्विफ्ट कार सवार हमलावरों ने एक दैनिक अखबार के क्षेत्रीय संवाददाता का करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया, उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारकर गिराया और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। हमलावर पत्रकार को मृत समझकर सड़क पर ही लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पत्रकार को पहले फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

घर लौटते समय कार सवार दबंगों ने घेरा

जानकारी के मुताबिक, फरह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कवायला के निवासी गिरधारी लाल शर्मा एक सांध्य दैनिक अखबार में क्षेत्रीय संवाददाता (रिपोर्टर) के रूप में कार्यरत हैं और इसके साथ ही वह सूचना के अधिकार (RTI) के तहत भी काफी सक्रिय रहते हैं। शुक्रवार देर शाम वह फरह कस्बे से अपना काम निपटाकर बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह परखम रोड पर पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे स्विफ्ट कार सवार कुछ युवकों ने उनकी बाइक को जबरन रुकवाने का प्रयास किया। अनहोनी की आशंका को देखते हुए जब पत्रकार ने बाइक नहीं रोकी, तो कार सवारों ने उनके पीछे अपनी गाड़ी दौड़ा दी।

बाइक में मारी टक्कर

आरोप है कि हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में करीब तीन किलोमीटर तक पत्रकार की बाइक का पीछा किया और अंत में परखम मार्ग पर उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गिरधारी लाल शर्मा सड़क पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इसके तुरंत बाद कार से उतरे दबंगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया और सिर, हाथ व पैरों पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। काफी देर तक बर्बरता से पीटने के बाद जब पत्रकार अचेत हो गए, तो हमलावर उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से भाग निकले।

अवैध खनन के वीडियो की रंजिश का शक

अस्पताल में भर्ती घायल पत्रकार गिरधारी लाल शर्मा ने होश में आने पर इस जानलेवा हमले के पीछे की मुख्य वजह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसके आधार पर उपजिलाधिकारी (SDM) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया था।

खनन माफियाओं को शक था कि यह वीडियो पत्रकार गिरधारी लाल ने ही बनाकर वायरल कराया था। गिरधारी लाल के अनुसार, मारपीट के दौरान हमलावर चिल्लाकर कह रहे थे कि “अधिकारी ने हमें बताया है कि वीडियो तुमने ही बनाया था, सरकारी अधिकारी कभी झूठ नहीं बोलते।” पत्रकार के इस बयान से प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है कि आखिर किस अधिकारी ने माफियाओं को पत्रकार का नाम लीक किया।

परखम पुलिस चौकी प्रभारी ने झाड़ा पल्ला

इस पूरे गंभीर घटनाक्रम में स्थानीय पुलिस की संवेदनहीनता और लचर भूमिका पर भी बड़े सवाल खड़े हुए हैं। घायल गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि हमले के बाद उन्होंने किसी तरह अपने मोबाइल फोन से परिजनों, साथियों और सबसे पहले परखम पुलिस चौकी प्रभारी को घटना की सीधी जानकारी दी। लेकिन चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाने के बजाय घायल पत्रकार को खुद ही ‘112 नंबर’ पर सूचना देने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया।

बाद में जब स्थानीय पत्रकारों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने सीधे फरह थाना प्रभारी छोटे लाल और एसपी सिटी (SP City) राजीव कुमार को मामले की गंभीरता से अवगत कराया। आला अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में जुटी पुलिस

हमलावरों के भागने के बाद मरणासन्न हालत में पड़े गिरधारी लाल ने हिम्मत दिखाकर अपने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद परिजन और स्थानीय मीडियाकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की लीपापोती से बचते हुए जांच की बात कह रही है। पुलिस का आधिकारिक बयान है कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है, स्विफ्ट कार के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Breaking: 20 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस ने जबरन अस्पताल में कराया भर्ती; छावनी में बदला जंतर-मंतर

ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे  WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

अवैध खनन की रंजिश में दैनिक अखबार के पत्रकार पर जानलेवा हमला सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जबरन अस्पताल में कराया भर्ती अमेरिकी हवाई हमलों में चाबहार पोर्ट ध्वस्त; भारत को बड़ा झटका भारत में जल्द आ सकते हैं 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोट प्रधानमंत्री मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी अनशन के 20वें दिन सोनम वांगचुक का बड़ा बयान 3 इडियट्स’ के फुंसुख वांगडू को लेकर आमिर खान का बड़ा खुलासा रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलो पर सितांशु कोटक ने तोड़ी चुप्पी