Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura News: IIA राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने उद्यमियों ने उठाई टीटीजेड से मुक्ति और सीएनजी सब्सिडी की मांग

by Tarun Bhardwaj • February 14, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। जनपद के औद्योगिक विकास और उद्यमियों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर इंडियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की ‘इंडस्ट्री मीट’ में जमकर मंथन हुआ। संस्कार पब्लिक स्कूल में आयोजित इस बैठक में उद्यमियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल के समक्ष मथुरा के उद्योगों को बचाने के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की। उद्यमियों का स्पष्ट कहना था कि पड़ोसी जिलों के मुकाबले मिल रही असमान सुविधाओं और पुराने नियमों के बोझ तले मथुरा का उद्योग दम तोड़ रहा है।

मथुरा के साथ भेदभाव और TTZ का मुद्दा

मथुरा में आयोजित ‘इंडस्ट्री मीट’ के दौरान स्थानीय उद्यमियों ने ताज ट्रेपोजियम जोन (TTZ) को लेकर अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की और मथुरा के उद्योगों के साथ हो रहे कथित भेदभाव का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया।

प्रमुख उद्यमी पवन चतुर्वेदी ने इस बात पर कड़ा एतराज जताया कि आगरा और फिरोजाबाद की तरह टीटीजेड के दायरे में आने के बावजूद मथुरा के उद्योगों को सीएनजी पर गैस सब्सिडी की सुविधा नहीं मिल रही है, जिसे उन्होंने क्षेत्र के साथ एक प्रकार का सौतेला व्यवहार करार दिया।

इसी क्रम में आर.ई.डब्ल्यू के डायरेक्टर अजय सक्सेना ने तर्क दिया कि मथुरा को दशकों पुराने प्रदूषण मानकों के आधार पर इस प्रतिबंधित जोन में रखा गया है, जबकि वर्तमान की आधुनिक तकनीकें पूरी तरह प्रदूषण रहित हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की है कि मथुरा के प्रदूषण स्तर की दोबारा जांच कराई जाए और इसे टीटीजेड के कड़े प्रतिबंधों से बाहर निकाला जाए ताकि जनपद में नए उद्योगों की स्थापना का रास्ता साफ हो सके और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल सके।

भू-माफियाओं का आतंक और बुनियादी सुविधाओं का अभाव

औद्योगिक क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से छाया रहा। उद्यमियों ने खुलासा किया कि सरकारी औद्योगिक क्षेत्र की लगभग 150 एकड़ भूमि पर भू-माफियाओं ने अवैध कब्जे कर रखे हैं और फर्जी तरीके से रजिस्ट्री भी करा ली है। दोषियों और गवाहों पर एफआईआर की मांग की गई है।

उद्यमी मोनू अग्रवाल और आकाश सिंघल ने बताया कि साइट ‘बी’ औद्योगिक क्षेत्र में पानी इतना खारा है कि मजदूरों के लिए पीने योग्य पानी भी उपलब्ध नहीं है। कोसी इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन ने यूपीसीडा द्वारा वसूले जा रहे 24 रुपये प्रति वर्ग मीटर मेंटेनेंस चार्ज को कम करने की मांग की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का आश्वासन और नई नियुक्तियां

IIA राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को सीधे मुख्यमंत्री और शासन के उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने औद्योगिक भूमि को ‘फ्रीहोल्ड’ कराने के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी।

बैठक के दौरान आर.पी. सिंघल को IIA मथुरा चैप्टर का कोऑर्डिनेटर मनोनीत किया गया। सिंघल ने साझा किया कि साइट ‘ए’ की सड़कों के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं और क्षेत्र में नई लाइटें लगाने का काम शुरू हो गया है।

इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक शर्मा, उमेश अग्रवाल, नीरज शुक्ला और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य मनोज सक्सेना सहित भारी संख्या में जनपद के दिग्गज उद्यमी उपस्थित रहे।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Mumbai: मुलुंड में मेट्रो के निर्माणाधीन पिलर का स्लैब गिरने से ऑटो-कार चकनाचूर; एक की मौत, चार घायल

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.