Thu, Jun 25th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura News: महोली गांव में दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग; ताबड़तोड़ गोलियों की गूंज से दहला इलाका

by Tarun Bhardwaj • May 28, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर निगम के वार्ड संख्या 59 के महोली गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए और अवैध हथियारों (तमंचों) से सरेराह अंधाधुंध फायरिंग की गई। करीब आधे घंटे तक चले इस तांडव और गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीणों के साथ-साथ वहां से गुजर रहे परिक्रमार्थियों में दहशत फैल गई। इस भीषण पथराव और गोलीबारी में आधा दर्जन (6) लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बवाल की सूचना मिलते ही एसएसपी श्लोक कुमार और एसपी सिटी राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

परिक्रमार्थियों की सेवा को लेकर भड़का विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोली गांव में अधिक मास के अवसर पर चल रही परिक्रमा में श्रद्धालुओं की सेवा को लेकर यह विवाद खड़ा हुआ। गुरुवार को गांव निवासी चंद्रपाल और उनके पक्ष के लोग परिक्रमार्थियों के लिए रास्ते में प्याऊ लगाए हुए थे। इसी दौरान वहां स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि राजवीर सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए और श्रद्धालुओं को केला व अन्य राहत सामग्री बांटने लगे। श्रद्धालुओं की सेवा और सामग्री वितरण के इसी मोड़ पर दोनों पक्षों में पहले तीखी कहासुनी हुई, जिसने कुछ ही पलों में एक बड़े और हिंसक झगड़े का रूप ले लिया।

सरेआम लहराए तमंचे

विवाद बढ़ते ही दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और अवैध हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। सरेराह दोनों तरफ से एक-दूसरे पर पथराव शुरू हो गया, जिससे महोली गांव के मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की तरफ दौड़ लगाने लगे। इसी बीच एक गुट के कुछ युवकों द्वारा हाथ में तमंचा लेकर सरेआम फायरिंग करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक बिना किसी खौफ के अवैध हथियारों से गोलियां चला रहे हैं। करीब आधे घंटे तक गांव की सड़कें जंग का मैदान बनी रहीं, जिससे परिक्रमा मार्ग में भी कुछ समय के लिए अव्यवस्था फैल गई।

6 महीने पुरानी रंजिश की पृष्ठभूमि

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पार्षद प्रतिनिधि राजवीर सिंह और ग्रामीण चंद्रपाल के बीच करीब 6 महीने पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय गांव के मौजिज और संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर और समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया था, लेकिन दोनों के दिलों में रंजिश बरकरार रही। इसी रंजिश के चलते बुधवार को भी दोनों पक्ष एक बार फिर आपस में भिड़ गए थे, जिसे समय रहते शांत करा लिया गया था, लेकिन गुरुवार को परिक्रमार्थियों की सेवा के दौरान पुराना गुस्सा ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ा।

आधा दर्जन लोग घायल, SSP और SP सिटी ने संभाला मोर्चा

इस खूनी संघर्ष और गोलीबारी में दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में सरेआम गोलीबारी और भारी बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार और एसपी सिटी राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत महोली गांव पहुंचे।

अधिकारियों ने घटना स्थल का मुआयना कर ग्रामीणों से पूछताछ की और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर फायरिंग करने वाले युवकों की शिनाख्त की जा रही है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबर अभी अपडेट हो रही है…..

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

आईटी और मेटल शेयरों में भारी बिकवाली से सेंसेक्स 893 अंक टूटा टीम इंडिया की जर्सी देख भावुक हुए वैभव सूर्यवंशी सीयूईटी यूजी का रिजल्ट घोषित लखनऊ अग्निकांड पर अभिनेता सोनू सूद का छलका दर्द Lionel Messi ने रचा इतिहास; वर्ल्ड कप में सर्वाधिक गोल करने वाले बने खिलाड़ी केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से दिया इस्तीफा अलीगंज के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत सेल्समैन की आँखों में मिर्च झोंककर बदमाशों ने की 5 लाख से अधिक की लूट