यूनिक समय, मथुरा। जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नरहौली में बरात के दौरान हुए भीषण बलवे, पथराव और पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस प्रशासन ने अपना शिकंजा और कस दिया है। घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने इस पूरे केस की कमान क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी। क्राइम ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल मामले की परतें खोलने के लिए अब तीन सदस्यीय विशेष जांच दल यानी एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया है। यह टीम पूरे प्रकरण की पूरी तरह निष्पक्ष जांच करेगी और किसी भी निर्दोष को परेशान किए बिना असली दोषियों के खिलाफ कानूनी हथौड़ा चलाएगी। सीओ क्राइम और दो इंस्पेक्टर संभालेंगे एसआईटी की कमान एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर गठित की गई इस तीन सदस्यीय एसआईटी में सीओ क्राइम (CO Crime) और दो वरिष्ठ इंस्पेक्टरों को शामिल किया गया है। शुक्रवार को क्राइम ब्रांच की इस विशेष टीम ने नरहौली पहुंचकर अपनी जांच की कमान पूरी तरह संभाल ली है। एसआईटी के आला अधिकारी सबसे पहले घटनास्थल का बारीक निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही टीम इलाके के सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मोबाइल वीडियो और मौके पर मौजूद चश्मदीदों व स्थानीय लोगों के आधिकारिक बयान दर्ज करेगी। पुलिस अपनी जांच में मुख्य रूप से इस कूटनीतिक बिंदु को खंगाल रही है कि नरहौली में हुआ यह भीषण बवाल पहले से सुनियोजित (Pre-planned) था या फिर मौके पर हुए अचानक विवाद के कारण हालात बेकाबू हो गए थे। 'गांडीव ऐप' से कसी जा रही उपद्रवियों पर नकेल नरहौली बरात बवाल के दौरान पुलिस कर्मियों पर लाठी-डंडों, कांच की बोतलों और पत्थरों से हमला करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस एक बेहद आधुनिक और विशेष रणनीति अपना रही है। बवाल और पथराव करने वाले हुड़दंगियों को चिन्हित करने के लिए पुलिस विभाग के अत्याधुनिक 'गांडीव ऐप' (Gandeev App) का सहारा लिया जा रहा है। इस डिजिटल एप्लीकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से पुलिस ने अब तक करीब एक दर्जन से अधिक अज्ञात उपद्रवियों के चेहरों को साफ तौर पर स्कैन और चिन्हित कर लिया है। इन सभी उपद्रवियों की एक विस्तृत ब्लैक लिस्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर जल्द ही उनकी नामजद गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश देगी। दुकानदार से शुरू हुआ था विवाद इस पूरे मामले के फ्लैशबैक पर नजर डालें तो नरहौली निवासी भगवानदास जाटव की दो बेटियों लक्ष्मी और पूनम की शादी बरसाना के गांव भरनाकलां के दो सगे भाइयों अशोक और कुलदीप के साथ तय हुई थी। बुधवार की रात करीब 10 बजे नरहौली चौराहे से दोनों दूल्हों की अलग-अलग बरातें धूमधाम से चढ़ रही थीं। बरात जब रवि मिष्ठान भंडार के सामने पहुंची, तब बरातियों और ठाकुर पक्ष के एक स्थानीय दुकानदार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद एक बड़े सांप्रदायिक बवाल में बदल गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। उपद्रव इस कदर बढ़ा कि हिंसक भीड़ और महिलाओं ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी लाठियों, पत्थरों और बोतलों से मारकर पीछे खदेड़ दिया था। कई घंटों के उपद्रव के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को संभाला था। जिसके बाद छावनी बने गांव में अगले दिन शाम को दोनों बहनों के फेरे और विदाई संपन्न हो सकी। इस मामले में पुलिस ने ठाकुर समाज, जाटव समाज और स्वयं पुलिस की तरफ से कुल तीन क्रॉस मुकदमे दर्ज किए हैं, जिसमें 55 नामजद और 300 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिन पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया था, उनसे एसआईटी और क्राइम ब्रांच ने गहन पूछताछ की और फिलहाल शुरुआती संलिप्तता न पाए जाने पर उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया है कि क्राइम ब्रांच की तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी। किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा। लेकिन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Breaking: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर भारी उछाल, अब ₹1 महंगी हुई CNG; जानिए दिल्ली, मुंबई समेत प्रमुख शहरों के नए रेट्स [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]