Tue, Jun 23rd, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura News: गोकुल रेस्टोरेंट के पास सेल्समैन की आँखों में मिर्च झोंककर बदमाशों ने की 5 लाख से अधिक की लूट

by Tarun Bhardwaj • June 23, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। जिले के हाईवे थाना क्षेत्र से सोमवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ गोकुल रेस्टोरेंट के समीप बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एक गुटखा एजेंसी के सेल्समैन की आँखों में मिर्च पाउडर झोंककर पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी से भरा बैग लूट लिया और पलक झपकते ही फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हाईवे थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

मंडी समिति से वसूली कर लौट रहा था सेल्समैन

जानकारी के अनुसार, वृन्दावन निवासी जगदीश प्रसाद गौतम की ‘शिखर तंबाकू इंटरप्राइजेज’ नाम से गुटखा और तंबाकू की एजेंसी है। इस फर्म में कांशीराम कॉलोनी का रहने वाला विजय नामक युवक सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। विजय का रोज का काम मथुरा और वृन्दावन क्षेत्र के विभिन्न दुकानदारों से तंबाकू व गुटखे की बिक्री का बकाया वसूल कर नकदी को मुख्य एजेंसी में जमा कराना है।

सोमवार को भी विजय दिनभर की वसूली करने के बाद मंडी समिति क्षेत्र से वापस वृन्दावन की ओर जा रहा था। दिनभर की कलेक्शन के कारण उसके पास लाखों रुपये की नकदी से भरा एक बैग था, जिसे उसने अपनी बाइक की टंकी पर आगे रखा हुआ था।

आँखों में मिर्च झोंकी और बैग लेकर फरार बदमाश

बताया गया है कि सेल्समैन विजय जैसे ही हाईवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोकुल रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक किया। इससे पहले कि विजय कुछ समझ पाता, बदमाशों ने अचानक उसकी आँखों में तीखी मिर्च का पाउडर झोंक दिया।

अचानक हुए इस तीखे हमले के कारण विजय की आँखों के आगे अंधेरा छा गया और वह बाइक संतुलित करने में जुट गया। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बदमाशों ने बाइक की टंकी पर रखा रुपयों से भरा बैग झपट्टा मारकर छीन लिया और तेजी से हाईवे की तरफ भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने इस पूरी वारदात को महज कुछ ही सेकेंड में अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की गंभीरता को देखते हुए हाईवे थाना पुलिस की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने गोकुल रेस्टोरेंट और हाईवे के आसपास लगे विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि, देर रात तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा था।

इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरा मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसके बावजूद, पीड़ित सेल्समैन और एजेंसी मालिक की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सेल्समैन के बयानों और बताए गए तथ्यों के अनुसार गहनता से जांच कर रही है। पुलिस टीम घटना के पीछे किसी जानकार या खुद सेल्समैन की भूमिका सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल आगे बढ़ा रही है।

5 लाख रुपये से अधिक की रकम होने की आशंका

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बैग में रखी गई कुल रकम का अभी तक पूरी तरह से सटीक आंकलन नहीं हो सका है, क्योंकि एजेंसी मालिक द्वारा खातों का मिलान किया जा रहा है। लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैग में पांच लाख रुपये से अधिक की बड़ी नकदी मौजूद होने की बात सामने आई है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए संभावित मार्गों पर लगे कैमरों की मदद से तफ्तीश में जुटी है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Mathura News: नगर आयुक्त जग प्रवेश ने खुद झाड़ू लगाकर किया 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता महाअभियान का शंखनाद

ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

टीम इंडिया की जर्सी देख भावुक हुए वैभव सूर्यवंशी सीयूईटी यूजी का रिजल्ट घोषित लखनऊ अग्निकांड पर अभिनेता सोनू सूद का छलका दर्द Lionel Messi ने रचा इतिहास; वर्ल्ड कप में सर्वाधिक गोल करने वाले बने खिलाड़ी केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से दिया इस्तीफा अलीगंज के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत सेल्समैन की आँखों में मिर्च झोंककर बदमाशों ने की 5 लाख से अधिक की लूट जियो ने लॉन्च किया Jio Bharat V4 4G फीचर फोन