Wed, Sep 2nd, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura News: कान्हा के जन्म से पहले ही कृष्णमय हुआ नंदगांव; नंदभवन में गूंज रहे बधाई पद!

by Tarun Bhardwaj • September 2, 2026
Nandgaon became immersed in the spirit of Krishna even before Kanha's birth

Mathura News: कान्हा के जन्म से पहले ही कृष्णमय हुआ नंदगांव; नंदभवन में गूंज रहे बधाई पद!

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा (नंदगांव)। भले ही कान्हा का प्राकट्य अभी नहीं हुआ है, लेकिन नंद बाबा के आंगन यानी नंदगांव में उनके जन्मोत्सव की मंगल बधाइयां गूंजने लगी हैं। सावन पूर्णिमा की रात से नंदभवन में शुरू हुए पारंपरिक ‘समाज गायन’ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय और कृष्णमय बना दिया है। ‘बोलो री, नाहिंन की बिटिया नगर बुलावौ देय’ और ‘आज बधायौ ब्रजराज कें, रानी जायौ मोहन पूत’ जैसे सुमधुर पदों के गूंजते ही श्रद्धालुओं को ऐसा आभास होने लगा है मानो नंदबाबा के घर लाडले कान्हा का प्राकट्य हो चुका हो।

सावन पूर्णिमा से ही शुरू हुई सदियों पुरानी परंपरा

नंदीश्वर पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध नंदबाबा मंदिर में चल रहा बधाई गायन सदियों पुरानी ब्रज परंपरा का अभिन्न अंग है। मंदिर के सेवायत लोकेश गोस्वामी ने बताया कि यह आयोजन केवल एक-दो दिन का नहीं है, बल्कि सावन पूर्णिमा से शुरू होकर भाद्रपद कृष्ण पक्ष की नवमी तक निरंतर चलता है। पूर्णिमा से द्वितीया तक रात्रि 8:00 से 9:30 बजे तक समाज गायन हुआ, जिसके बाद अब प्रतिदिन दो बार—दोपहर 12:00 बजे और रात्रि 8:30 बजे—बधाई पदों का गायन किया जा रहा है। इस बधाई गायन में ब्रज की लोक कला, शास्त्रीय संगीत और अनन्य कृष्ण भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जिसका आनंद लेने के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु नंदभवन पहुंच रहे हैं।

5 सितंबर को जन्माष्टमी और 6 सितंबर को मनेगा नंदोत्सव

नंदगांव में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की अपनी अनूठी और ऐतिहासिक परंपराएं हैं, जहां कान्हा के जन्म के साथ-साथ ‘खुर गिनती’ की विशेष परंपरा भी बड़े उत्साह से निभाई जाती है। इस वर्ष नंदभवन में 5 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य पर्व मनाया जाएगा, जिसके अगले दिन 6 सितंबर को भव्य नंदोत्सव का आयोजन होगा। उत्सव को दिव्य बनाने के लिए नंदीश्वर पहाड़ी और पूरे मंदिर परिसर को मनमोहक लाइटिंग से सजाया जा रहा है, जबकि ठाकुर जी के श्रीविग्रहों के लिए विशेष पोशाकें तैयार की जा रही हैं और सेवायत सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

बृहस्पतिवार को मनेगा आनंदघन जी का जन्मोत्सव

नंदभवन के इस उत्सवी माहौल में एक और भक्तिमय अध्याय जुड़ने जा रहा है। बृहस्पतिवार को नंदबाबा मंदिर में गोस्वामी समाज के प्रवर्तक आनंदघन जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में विशेष समाज गायन होगा, जिसमें समाज के लोग पारंपरिक पदों के साथ आनंदघन जी महाराज का प्राकट्योत्सव मनाएंगे।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: UP: योगी सरकार ने UPCOS का किया शुभारंभ; आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा 5 लाख का कैशलेस इलाज और 50 लाख तक का दुर्घटना बीमा

ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे  WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

जन्माष्टमी पर काशी विश्वनाथ धाम से कान्हा के लिए भेजे जा रहे हैं खास उपहार UP में आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा 5 लाख का कैशलेस इलाज और 50 लाख तक का दुर्घटना बीमा पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए CEO दिशा सालियान मौत मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने CBI को दिए विस्तृत जांच के आदेश भाजपा सांसद अरुण सिंह ने श्री गिर्राज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा की और मानसी गंगा में आचमन किया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में 3 से 5 सितंबर तक लागू रहेंगे कड़े रूट डायवर्जन मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गलियों से आसमान तक दिखेगा ब्रज का उल्लास श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती की तैयारियां तेज