यूनिक समय, मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भूतेश्वर अखाड़े में शुक्रवार रात मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से करीब 10-11 राउंड अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी। अचानक हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी से अखाड़े में मौजूद पहलवानों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत यह रही कि इस दुस्साहसिक वारदात में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब एक किलोमीटर दूर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया, हालांकि इस दौरान आरोपी ने अपनी रिवॉल्वर सौंपने से मना कर दिया और बीच सड़क पर पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गया। काफी देर तक चली हाईवोल्टेज ड्रामे और छीना-झपटी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिया है। दोस्ती और बदनामी के चक्कर में सुलग रही थी विवाद की चिंगारी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सेही का रहने वाला दिनेश वशिष्ठ (32) इस पूरी वारदात का मुख्य आरोपी है। दिनेश का गोविंदपुर गोपालपुरा के रहने वाले करन नाम के युवक से पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। दरअसल, दिनेश की एक लड़की से गहरी दोस्ती है और दोनों अक्सर साथ में उठते-बैठते हैं। उस लड़की का सगा भाई भूतेश्वर अखाड़े में रहकर पहलवानी करता है। विवाद की शुरुआत तब हुई जब करन ने युवती के भाई को दिनेश और उसकी बहन की दोस्ती के बारे में जानकारी दे दी। करन ने भाई से कहा कि वह अपनी बहन को समझाए, क्योंकि इस दोस्ती की वजह से समाज में परिवार की बदनामी हो रही है। इस बात से नाराज होकर भाई ने अपनी बहन को कड़ी फटकार लगाई। जब लड़की ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दिनेश वशिष्ठ को दी, तो वह आगबबूला हो गया। दिनेश ने तुरंत करन को फोन मिलाकर सरेआम गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की सीधी धमकी दे डाली। स्कॉर्पियो से अखाड़े पहुंचा आरोपी, निकाल ली रिवॉल्वर धमकी देने के बाद शुक्रवार रात करीब 9 बजे दिनेश वशिष्ठ अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से सीधे भूतेश्वर अखाड़े पहुंच गया। वहां करन को देखते ही दोनों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश ने आव देखा न ताव, अपनी कमर से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और एक के बाद एक करीब 11 राउंड हवाई फायरिंग कर दी। अखाड़े जैसे शांत और अनुशासित माहौल में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजने से वहां कसरत कर रहे पहलवान और आसपास के लोग बुरी तरह डर गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तरफ भागने लगे। कुछ ही देर में मौके पर स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की भनक लगते ही कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस को आता देख आरोपी दिनेश अपनी स्कॉर्पियो में बैठकर वहां से तेजी से भाग निकला। बीच सड़क पर पुलिस से भिड़ा आरोपी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वायरलेस पर सूचना प्रसारित की और आरोपी का पीछा करना शुरू किया। करीब 1 किलोमीटर दूर कृष्णा नगर क्षेत्र में पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी की स्कॉर्पियो को बीच सड़क पर रोक लिया। गाड़ी रुकते ही आरोपी दिनेश अपनी रिवॉल्वर हाथ में लेकर नीचे उतरा। जब कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार और उपनिरीक्षक मुस्ताक मोहम्मद मेहंदी ने उसे सरेंडर करने को कहा और रिवॉल्वर कब्जे में लेने की कोशिश की, तो आरोपी सरेआम पुलिस से ही उलझ गया। आरोपी अपनी रिवॉल्वर पुलिस को सौंपने के लिए कतई तैयार नहीं था और काफी देर तक पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच हथियार छीनने को लेकर सड़क के बीचों-बीच तीखी छीना-झपटी और हंगामा होता रहा। इस हाईवोल्टेज ड्रामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी से हथियार छीनने का प्रयास कर रहे हैं और वह पूरी ताकत से विरोध करता दिख रहा है। व्यस्त मार्ग पर हुए इस तमाशे और हंगामे को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। 6 खाली खोखे बरामद काफी मशक्कत और बल प्रयोग करने के बाद पुलिस ने आखिरकार आरोपी दिनेश वशिष्ठ को दबोच लिया और उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर को पूरी तरह जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम दोबारा वारदात वाली जगह यानी भूतेश्वर अखाड़े पहुंची, जहां गहनता से किए गए निरीक्षण और साक्ष्य जुटाने के दौरान जमीन से 6 खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। स्थानीय लोगों और भूतेश्वर अखाड़े के पहलवानों के अनुसार, दिनेश का अखाड़े पर पहले से ही काफी आना-जाना था, हालांकि वह खुद वहां पहलवानी नहीं करता था बल्कि सिर्फ दंबगई दिखाने आता था। इस मामले में कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि आसपास की दुकानों और अखाड़े में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि कुल राउंड फायरिंग की सटीक संख्या का पता चल सके। पुलिस ने आरोपी दिनेश के खिलाफ आर्म्स एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरेआम शांति भंग करने और जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले के सभी कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Cockroach Janta Party Protest: CJP को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की मिली अनुमति; आज हाई-अलर्ट पर है राजधानी दिल्ली ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]