यूनिक समय, मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल, नीतिगत सुधारों और जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मथुरा जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में अभियान को सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 3.5 लाख परिवारों में जलेंगे 'आशीर्वाद के दीये', होंगे विविध कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की 12 वर्षों और राज्य सरकार की 10 वर्षों की विकास उपलब्धियों को प्रामाणिक रूप से जनता के सामने प्रस्तुत करना है। योजना से लाभान्वित लगभग 3 लाख 50 हजार परिवारों द्वारा अपने घरों में आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच कक्षा 5 से 8 के बच्चों के लिए ड्राइंग तथा कक्षा 9 से 12 के बच्चों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं में चुनी गई सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियों की प्रदर्शनी बीएसए कॉलेज और चंद्रोदय मंदिर में लगाई जाएगी। टैंक चौराहे पर अखंड ज्योति की स्थापना की जाएगी और जिले की सभी तहसीलों से पैदल, साइकिल तथा बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर 3 दिवसीय उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आशा बहुओं और उत्कृष्ट माताओं का सम्मान, हेल्थी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन तथा बच्चों को अतिरिक्त पोषाहार का वितरण किया जाएगा। 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक की दैनिक कार्ययोजना जिला प्रशासन द्वारा पूरे महीने संचालित होने वाले कार्यक्रमों की तिथि वार रूपरेखा तय की गई है। 17 सितंबर को कार्यालयों, घाटों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। 18 से 20 सितंबर के मध्य वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, अंगदान संकल्प और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होगा। 21 से 25 सितंबर के दौरान नशामुक्त भारत अभियान, मतदाता जागरूकता, रोजगार मेला, गौ सेवा व गो-पूजन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी अवधि में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम भी संपन्न होंगे। 26 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच पिछड़ा वर्ग व समाज कल्याण योजनाओं का प्रसार और वोकल फॉर लोकल अभियान चलाया जाएगा। साथ ही इस दौरान नदी घाटों की सफाई और पंचायती राज विभाग के विभिन्न कार्य किए जाएंगे। 6 से 16 अक्टूबर के मध्य विशेष स्वच्छता अभियान, मलिन बस्तियों की सफाई और कायाकल्प योजना के अंतर्गत कार्य होंगे। इसके अलावा कृषक गोष्ठी, खादी एवं महिला जागरूकता तथा युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता और एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा उपस्थित रहे। इनके साथ ही सीएमओ डॉ. राधावल्लभ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: US Space Force: अमेरिका ने पहली बार माना ऑर्बिट में तैनात हैं ‘स्पेस वेपन्स’; रूस और चीन को दी कड़ी चेतावनी ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]