Wed, Jul 15th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura News: नरहौली में दलितों की बारात पर पथराव के बाद भीषण संग्राम; लाठियां लेकर पुलिस से भिड़ीं महिलाएं

by Tarun Bhardwaj • May 21, 2026
Fierce Clash in Narhauli Following Stone-Pelting at Dalit Wedding Procession

Mathura News: नरहौली में दलितों की बारात पर पथराव के बाद भीषण संग्राम; लाठियां लेकर पुलिस से भिड़ीं महिलाएं

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। कान्हा की नगरी से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार देर रात हाईवे थाना क्षेत्र के गांव नरहौली में अनुसूचित जाति (दलित) समाज के दो सगे भाइयों की बारात चढ़ने के दौरान दबंगों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धावा बोल दिया। आरोप है कि बारात दलित युवकों की थी, इसीलिए ठाकुर बाहुल्य इलाके से गुजरते समय छतों से पथराव शुरू कर दिया गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पूरे गांव में युद्ध जैसा माहौल बन गया।

सूचना पर जब पुलिस टीम मौके पर नरहौली पहुंची तो बेकाबू हुई भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए। बवाल इतना बढ़ गया कि आधी रात को मंडप छोड़ दोनों दुल्हनें और गांव की महिलाएं लाठियां लेकर पुलिस और उपद्रवियों के सामने आ गईं, जिससे पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। फिलहाल गांव में भारी तनाव को देखते हुए एडीएम और कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर डेरा डाले हुए है।

बाबा साहेब की तस्वीर लेकर बग्गी पर सवार थे दूल्हे

जानकारी के अनुसार, नरहौली निवासी गुल्ला की दो बेटियों लक्ष्मी और पूनम की शादी थी। बारात गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव भरनकलां से आई थी, जहां नेमचंद के दो बेटे अशोक और कुलदीप दूल्हा बने थे। रात लगभग 11 बजे भरतपुर चौराहा से गाजे-बाजे के साथ चढ़त शुरू हुई। दोनों दूल्हे हाथों में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लेकर बग्गी पर सवार थे।

दूल्हों के चाचा भगवानदास और दुल्हनों के भाई नाहर सिंह ने बताया कि बारात जैसे ही ठाकुर बाहुल्य क्षेत्र से गुजरी, वहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने बग्गी पर लात मारनी शुरू कर दी और गालियां दीं। जब बरातियों ने इसका विरोध किया, तो अचानक छतों से भारी पथराव शुरू हो गया और ईंटें बरसाई जाने लगीं। इस हमले में बारात में शामिल 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोषी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर में घुसकर तोड़ा दहेज का ट्रैक्टर

इस खूनी संघर्ष की सूचना मिलते ही शादी के जोड़े में सजी दोनों दुल्हनें लक्ष्मी और पूनम भी विवाह मंडप छोड़कर सीधे कुरुक्षेत्र बने रणमैदान में पहुंच गईं। दुल्हनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। दुल्हनों ने रोते हुए कहा कि दबंगों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और दहेज के लिए रखा सारा सामान व शादी के लिए लाया गया नया ट्रैक्टर-ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को बचाने के बजाय खाना खा रहे बरातियों पर ही लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। पुलिस के इस रवैये को देख गांव की महिलाएं लाठियां लेकर पुलिसकर्मियों के सामने आ गईं और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

ठाकुर पक्ष का दावा

दूसरी ओर, ठाकुर पक्ष की ओर से स्थानीय निवासी मीना ठाकुर ने बरातियों पर ही हंगामा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बारात में आए युवक डांस करने को लेकर पहले आपस में ही भिड़ गए थे। लड़ते-लड़ते वे रास्ते में स्थित ‘रवि मिष्ठान भंडार’ के भीतर घुस गए और वहां दुकानदारों के साथ मारपीट की। दबंगों का आरोप है कि बरातियों ने दुकान में रखी मिठाइयां खुर्द-बुर्द कर दीं और काउंटर तोड़ दिया, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़का और यह विवाद हुआ।

भीम आर्मी की एंट्री

इस जातीय बवाल की भनक लगते ही भीम आर्मी के मथुरा जिलाध्यक्ष आरके फाइटर अपने कार्यकर्ताओं के साथ आधी रात को ही नरहौली गांव पहुंच गए। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि मथुरा में अनुसूचित जाति के लोगों का उत्पीड़न और दूल्हों की चढ़त रोकने की सामंती मानसिकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, भीम आर्मी पीछे नहीं हटेगी।

इस हाई-प्रोफाइल मामले ने प्रशासनिक अमले की नींद उड़ा दी है। यही कारण रहा कि एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम एफआर पंकज वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र भारी फोर्स के साथ रात भर गांव में डटे रहे। एडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि फिलहाल पुलिस सुरक्षा में शादी की रस्में पूरी कराई जा रही हैं और उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई (FIR) की जा रही है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: West Bengal: शुभेंदु सरकार का बड़ा फैसला; बंगाल में अब सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना हुआ अनिवार्य

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

मथुरा-वृन्दावन में बढ़ा यमुना का जलस्तर मथुरा में विवादित होर्डिंग्स पर भड़का आक्रोश सोनम वांगचुक का वज़न 8.5 किलो घटा; बिगड़ती सेहत देख भावुक हुआ बॉलीवुड JFK एयरपोर्ट और ABB से करार के बाद TCS के शेयरों में जबरदस्त तेजी चुनाव आयोग ने शुरू की SIR के तहत ऑनलाइन इन्यूमिरेशन फॉर्म जमा करने की सुविधा होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी हमले में भारतीय नाविक की मौत के बाद भारत सरकार का बड़ा एक्शन सितंबर में लॉन्च हो सकती है Apple iPhone 18 Pro सीरीज अमेरिका ने ईरान के 6 ठिकानों पर की 5 घंटे तक भीषण एयरस्ट्राइक