Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

62 साल की शानदार सेवा के बाद मिग-21 रिटायर; चंडीगढ़ से अंतिम विदाई, राजनाथ सिंह समेत शीर्ष सैन्य अधिकारी रहे मौजूद

by Tarun Bhardwaj • September 26, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का पहला सुपरसोनिक लड़ाकू विमान मिग-21 62 साल की गौरवशाली सेवा के बाद आज चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन से रिटायर हो गया। इस ऐतिहासिक विदाई समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से शामिल हुए, जिनके साथ सीडीएस अनिल चौहान, वायुसेना अध्यक्ष एपी सिंह, सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना अध्यक्ष दिनेश कुमार त्रिपाठी भी मौजूद थे। दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाला यह विमान अब आसमान में नहीं दिखेगा, इसकी जगह अब स्वदेशी तेजस लेगा।

चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर आयोजित समारोह में कुल छह मिग विमानों ने आसमान में आखिरी बार ताकत दिखाई। स्क्वाड्रन लीडर प्रिया शर्मा (सातवीं महिला पायलट) ने भी मिग-21 उड़ाया। सभी विमान पैंथर फॉरमेशन में एयरबेस पर लौटे, जिसके बाद पायलटों के साथ रक्षा मंत्री ने ऐतिहासिक तस्वीर खिंचवाई। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने प्रस्तुति दी, और अंत में मिग-21 को पानी की बौछार से अंतिम सलामी दी गई, जिसके साथ ही इसकी गर्जना हमेशा के लिए शांत हो गई।

खास बात यह है कि लगभग 60 साल पहले मिग-21 की लॉन्चिंग भी चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन से हुई थी, और इसकी विदाई भी यहीं से हुई। मिग-21 ने 1965-71 के भारत-पाक युद्ध, कारगिल युद्ध, बालाकोट स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कई ऐतिहासिक अभियानों में देश का शौर्य बढ़ाया। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी बादल-थ्री फॉर्मेशन में मिग-21 के साथ आखिरी बार उड़ान भरी। स्टेशन पर 1963 से 2025 तक मिग-21 के अदम्य साहस को प्रदर्शित करने के लिए एक मेमोरी लेन भी बनाई गई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मिग को ‘बर्ड ऑफ ऑल सीजन’ बताते हुए कहा कि इसने हमेशा बेहतरीन प्रदर्शन किया और यह विमान महज एक मशीन नहीं, बल्कि भारत-रूस संबंधों का प्रमाण है। थल सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी और पूर्व वायुसेना अध्यक्ष बीएस धनोआ ने भी इस विमान की विदाई पर भावुकता व्यक्त करते हुए कहा कि इसकी कमी खलेगी, लेकिन नए जंगी जहाज ताकत बढ़ाएँगे। मिग-21 की अधिकतम गति 2,175 किमी प्रति घंटा थी, और यह 3,500 किलोग्राम पेलोड क्षमता के साथ सुपरसोनिक गति में उड़ान भरने में सक्षम था।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

ये भी पढ़ें: अमित शाह ने कोलकाता में किया दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन; ‘सोनार बांग्ला’ के लिए माँ दुर्गा से माँगा आशीर्वाद

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.