Sat, Jun 6th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

महंत गिरि की मौत के मामले में छह से ज्यादा लोग हिरासत में

by Raju Chaurasia • September 21, 2021
Advertisement
Ad

प्रयागराज। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध स्थिति में मौत के मामले में आज प्रयागराज पुलिस ने कई राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के साथ-साथ आधा दर्जन से ज्यादा व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों के मुताबिक इन सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक महंत नरेंद्र गिरी के गनर से भी पूछताछ की जाएगी. महंत को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी।

प्रयागराज के बाघंबरी गद्दी व लेटे हनुमानजी के महंत आचार्य नरेंद्र गिरी का शव कल उनके आश्रम के कमरे में मिला था। बाघंबरी मठ में उनकी लाश फांसी के फंदे से लटकती मिली थी। संदिग्ध हालत में महंत की मौत के बाद पुलिस को 8 पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला था, जिसके बाद कल देर रात ही उनके शिष्य आनंद गिरी को हरिद्वार से हिरासत में लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, महंत नरेंद्र गिरी ने अपने सुसाइड नोट में आनंद गिरी के ऊपर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।

इस मामले में पुलिस को मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट मिली है, जिससे कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस के मुताबिक मौत से पहले 6 से 10 घंटे के बीच महंत के साथ जिन-जिन लोगों की बातचीत हुई है, पुलिस उन सभी से पूछताछ करेगी। महंत की मौत को लेकर प्रयागराज पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। आपको बता दें कि महंत नरेंद्र गिरी के साथ उनके शिष्य आनंद गिरी का विवाद चल रहा था. पुलिस उनकी मौत को इस विवाद से भी जोड़कर जांच कर रही है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.