Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

उमर अब्दुल्ला ने चिनाब रेल पुल के उद्घाटन पर की पीएम मोदी की तारीफ

by Arpita Singh • June 6, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में चिनाब और अंजी पुलों के उद्घाटन पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इन पुलों के बनने से जम्मू-कश्मीर अब सीधे तौर पर देश के बाकी हिस्सों से रेल के जरिए जुड़ गया है, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी और हवाई सेवाओं की मनमानी पर भी लगाम लगेगी।

उमर अब्दुल्ला ने बताया कि बारिश के मौसम में जब सड़क मार्ग बंद हो जाते थे, तब एयरलाइंस टिकट के दाम आसमान छूने लगते थे। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पांच हजार की टिकट बीस हजार तक पहुंच जाती थी। लेकिन अब रेल कनेक्टिविटी होने से लोगों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा और महंगे हवाई किराए से राहत मिलेगी।

उन्होंने इस परियोजना के लंबे इतिहास को याद करते हुए कहा कि जब इस पुल का प्रस्ताव आया था, तब वे आठवीं कक्षा में पढ़ते थे और आज वे 55 वर्ष के हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में इस पुल की नींव रखी गई थी, और अब नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में इसे जनता को समर्पित किया गया है।

उमर अब्दुल्ला ने यह भी बताया कि अंग्रेजों ने भी कश्मीर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना बनाई थी, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए। अब जाकर यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस रेल संपर्क से कश्मीर के सेब, मेवे और अन्य उत्पाद आसानी से देश के बाकी हिस्सों में पहुंच सकेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

अंत में उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर को पुनः पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग भी दोहराई।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.