Sat, Jun 20th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

दिल्ली में ओमीक्रोन का पहला मरीज, तंजानिया से आए शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई

by Raju Chaurasia • December 5, 2021
Advertisement
Ad

नई दिल्ली। देश में रविवार को ओमीक्रोन वैरिएंट का पांचवा मरीज दिल्ली में मिला है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि तंजानिया से लौटे इस नागरिक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। 37 वर्षीय इस युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा 17 अन्य लोगों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके जनोम सीक्वेंसिंग के नतीजे आने पर पता चलेगा कि इनमें कौन सा वैरिएंट मिला है। देश में ओमीक्रोन वैरिएंट का पहला मामला कर्नाटक में सामने आया था। 67 वर्षीय यह व्यक्ति साउथ अफ्रीका से आया था और कर्नाटक में कुछ कॉन्फ्रेंस में शामिल हुआ था। इस व्यक्ति की एक रिपोर्ट पॉजिटिव और दूसरी निगेटिव मिली थी, जिसके बाद वह दुबई चला गया था। दूसरा मामला भी कर्नाटक में ही मिला था, जबकि तीसरा केस गुजरात और चौथा शनिवार को महाराष्ट्र में पाया गया है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि जो लोग बाहर से आ रहे हैं उनका टेस्ट किया जा रहा है। अभी तक 17 पॉजिटिव मरीज लोकनायक जयप्रकाश नाराणय अस्पताल में भर्ती हैं। 12 लोगों की जीनोम सिक्वेंसिंग हुई है। इनमें से 1 ओमीक्रोन का मरीज मिला है। उन्हाेंने कहा कि हम यह कह सकते हैं कि दिल्ली में पहला ओमीक्रोन केस है।

ओमीक्रोन वैरिएंट को डेल्टा से ज्यादा खतरनाक और संक्रामक बताया गया है। यह कोविड पीड़ित रह चुके लोगों को तीन बार संक्रमित कर सकता है। दक्षिण अफ्रीका में 24 नवंबर को इसका पहला मामला सामने आया था। अब तक इस वैरिएंट के मरीज 30 से ज्यादा देशों में मिल चुके हैं। हालांकि, अभी इस बारे में बहुत कुछ स्पष्ट नहीं है कि यह वैरिएंट कितना खतरनाक है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.