Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

सिक्किम के राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने पर PM मोदी ने जनता को किया संबोधित

by Arpita Singh • May 29, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। सिक्किम के राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, गुरुवार को वहां की जनता को संबोधित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री का सिक्किम दौरा अंतिम समय में रद्द हो गया, लेकिन उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यवासियों से संवाद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन सिक्किम की लोकतांत्रिक यात्रा और बीते पांच दशकों की उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और राज्य के लोगों द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि उन्होंने इसे यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “50 वर्ष पहले सिक्किम ने लोकतंत्र की राह पर चलने का संकल्प लिया था। राज्य की जनता ने न केवल भौगोलिक रूप से भारत से जुड़ाव महसूस किया, बल्कि आत्मिक रूप से भी एकता का भाव अपनाया। आज यह स्पष्ट है कि सिक्किम के लोगों का विश्वास समय के साथ और भी मजबूत हुआ है और इसका परिणाम राज्य की निरंतर प्रगति के रूप में देखा गया है।”

उन्होंने यह भी बताया कि सिक्किम ने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। राज्य आज भारत का पहला पूर्ण जैविक (ऑर्गेनिक) राज्य बन चुका है और जैव विविधता के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। साथ ही सिक्किम की सांस्कृतिक समृद्धि और धरोहर को भी उन्होंने विश्व स्तर पर गर्व की बात बताया।

इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री ने सिक्किम में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया, जिसमें नया स्काइवॉक, स्वर्ण जयंती परियोजना और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण शामिल है।

प्रधानमंत्री ने नॉर्थ ईस्ट भारत को देश की विकास गाथा का नया अध्याय बताते हुए कहा, “कभी जो क्षेत्र दिल्ली से दूरी के कारण विकास से वंचित थे, अब वही क्षेत्र नए भारत की तेज़ रफ्तार प्रगति का हिस्सा बन रहे हैं। इसका बड़ा कारण है यहां की बदलती कनेक्टिविटी।”

उन्होंने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विविधता की भी प्रशंसा की, और कहा कि कंचनजंगा नेशनल पार्क, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल है, जैसी जगहें सिक्किम को विश्व मानचित्र पर गौरव प्रदान करती हैं।

अंत में, पीएम मोदी ने कहा कि वह स्वयं इस ऐतिहासिक उत्सव का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित थे, लेकिन मौसम ने उनकी यात्रा को बाधित कर दिया। इसके बावजूद उन्होंने सिक्किम के नागरिकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.