Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

पीएम मोदी का पाकिस्तान को कड़ा संदेश, कहा – ‘कांटे को निकालकर रहेंगे’

by Arpita Singh • May 27, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं और आज, मंगलवार को उन्होंने गांधीनगर में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को लेकर तीखा बयान दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के शरीर में जो कांटे चुभे है, उसे निकालकर ही दम लेंगे।

उन्होंने कहा, “भले ही शरीर पूरी तरह स्वस्थ हो, लेकिन अगर उसमें कांटा चुभ जाए तो तकलीफ होती है। हमने ठान लिया है कि उस कांटे को बाहर निकालना है। देशवासियों का जोश, उनका मातृभूमि के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना पूरे देश में दिख रही है, सिर्फ गुजरात में नहीं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) और आतंकवाद के मुद्दे पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “सरदार पटेल की मंशा थी कि जब तक POK भारत में शामिल नहीं हो जाता, सेना को नहीं रुकना चाहिए था, लेकिन उस समय उनकी बात नहीं मानी गई। 75 वर्षों से हम आतंकवाद का दंश झेलते आ रहे हैं। पहलगाम में हाल ही में जो हमला हुआ, वह उसी सोच का नतीजा है।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने तीन युद्धों में पाकिस्तान को हराया है और अब पाकिस्तान को यह बात समझ आ गई है कि वह भारत से सीधे युद्ध में जीत नहीं सकता।

गौरतलब है कि यह दौरा हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री की पहली गुजरात यात्रा है। उनके रोड शो में भारी संख्या में लोग शामिल हुए, जो प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उमड़े थे। इस दौरे में यह प्रधानमंत्री मोदी का चौथा रोड शो रहा।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.