Sun, Jun 14th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर

by tanuja • January 15, 2024
Advertisement
Ad

अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां जोरों पर है। सोमवार को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर परिसर की ये नई तस्वीरें साझा कीं। इनमें राम मंदिर की भव्यता और सुंदरता दिखाई दे रही है। 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी, 500 साल के इंतजार के बाद राम लला अपने महल में विराजित होंगे। जिसे लेकर हर तरफ खुशी का माहौल है। हर राम भक्त को इस दिन का बेसब्री से इंतजार था।

अयोध्या राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह पर श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि “प्रतिष्ठा की दृष्टि से जो भी आवश्यक तैयारी है वो पूरी चल रही हैं। एक ओर भव्य मंदिर लगभग खड़ा हो चुका है, दूसरी ओर अयोध्या सज रही है।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर श्रीरामजन्मभूमि परिसर में बिजली आपूर्ति के लिए बने बिजली तंत्रों व परिसर में लगे आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) का परीक्षण सोमवार से तीन दिन तक होगा। इस दौरान अति अल्प अवधि में परिसर की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए रिंग मेन यूनिट लगाई गई है। इसकी मदद से एक लाइन से बिजली गुल होने पर सेकंडों में दूसरी लाइन से आपूर्ति बहाल हो जाएगी। इसके परीक्षण के लिए मुख्यालय से निर्देश मिले हैं। यह कार्य 15 से 18 जनवरी तक पूर्ण किया जाएगा।

सोमवार को ही साकेत पेट्रोल पंप के पास बस्ती के शशिकांत दुबे का भजन और अयोध्या के शीतला प्रसाद वर्मा का फरुवाही लोकनृत्य होगा। धर्मपथ पर अयोध्या के ही राजेश गौड़ का कहरवा लोकनृत्य होगा। गोंडा की श्वेता सिंह भजन व लोकगीत प्रस्तुत करेंगी। रामघाट हाल्ट पर रमा प्रजापति बधावा लोकनृत्य से रूबरू कराएंगी। साकेत कॉलेज के पास सुल्तानपुर के दयाशंकर पांडेय का अवधी लोक गायन तो प्रकृति यादव का लोकनृत्य होगा। पराग डेयरी पर मुकेश कुमार की फरुवाही लोकनृत्य की प्रस्तुति देखने को मिलेगी। तुलसी उद्यान मंच पर झांसी के सीताराम कुशवाहा का भजन और जौनपुर के अशोक कुमार का लोक गायन होगा। प्रयागराज के ओमप्रकाश शर्मा शहनाई वादन करेंगे।

रामकथा पार्क में 15 जनवरी से प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की कथा होगी। सोमवार को राम की पैड़ी पर देश के अनेक राज्यों के लोग भी अपनी प्रस्तुति देंगे। राम की पैड़ी पर महाराष्ट्र के शैलेष भागवत शहनाई वादन करेंगे। महाराष्ट्र के हर्ष वर्धन की सारंगी और दिल्ली के शाश्वत मंडल भजन से श्रीराम के चरणों में अपनी हाजिरी लगाएंगे। अनुज मिश्र का कथक, ज्योति श्रीवास्तव ओडिशी नृत्य, अंजना झा व सुरभि शुक्ला कथक पर प्रस्तुति देंगी। मीनू ठाकुर राम की पैड़ी पर कुचिपुड़ी नृत्य से दर्शकों को भाव-विभोर करेंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रामनगरी में उत्तर प्रदेश समेत समूचे देश की सांस्कृतिक विधाओं का संगम हो रहा है। एक तरफ रामकथा पार्क में देवकी नंदन ठाकुर की कथा का आगाज होगा तो राम की पैड़ी, धर्मपथ, तुलसी उद्यान, सर्किट हाउस के पास, राज सदन, साकेत कॉलेज आदि स्थानों पर दर्शक फरुवाही, भजन, बधावा लोकनृत्य, अवधी लोक गायन आदि से जुड़ी सांस्कृतिक गतिविधियों से परिचित होंगे।

मकर संक्रांति पर सोमवार को स्नान-दान का पुण्यकाल रहेगा। रामनगरी में सरयू स्नान व दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। रामलला सहित अधिकांश मंदिरों में सोमवार को ही खिचड़ी का त्योहार मनाया जाएगा। स्नान के लिए भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए रामनगरी में यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। वहीं सरयू के घाटों पर पानी कम होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी के मौसम में सरयू घाटों से दूर चली गई हैं। उधर रामजन्मभूमि परिसर में मकर संक्रांति मनाई जाएगी। मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि रामलला को खिचड़ी, सब्जी, पूड़ी, दही, पापड़, घी व अचार का भोग लगाकर सभी को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.