Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काराकाट में विशाल जनसभा को किया संबोधित

by Arpita Singh • May 30, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के रोहतास जिले स्थित काराकाट में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने आतंकवाद, नक्सलवाद, विकास योजनाएं और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। इस जनसभा में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जिसमें महिलाओं की भागीदारी खासतौर पर उल्लेखनीय रही।

पीएम मोदी ने काराकाट में भोजपुरी में जनता को संबोधित करते हुए कहा, “बिहार के मेहनती जनता के हमार प्रणाम।” उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार की इस पावन भूमि पर विकास को गति देने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि इस दौरे में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में हुए आतंकवादी हमलों का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” हमारे तरकश का सिर्फ एक तीर है। उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों के सिंदूर की कीमत अब पाकिस्तान और पूरी दुनिया जान चुकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवादियों के ठिकानों को चंद मिनटों में तबाह कर दिया।

पीएम मोदी ने 10 मई को शहीद हुए बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर इम्तियाज को श्रद्धांजलि दी और कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में लगे जवान राष्ट्र की सबसे बड़ी संपत्ति हैं। उन्होंने आतंक के खिलाफ भारत की लड़ाई को निर्णायक बताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर भारत आतंक को उसकी मांद से खींचकर कुचलेगा।

प्रधानमंत्री ने सासाराम, कैमूर सहित आसपास के क्षेत्रों में पहले व्याप्त नक्सलवाद की चर्चा करते हुए कहा कि अब स्थिति काफी हद तक सुधर चुकी है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में 100 से अधिक नक्सल प्रभावित जिले थे, जो अब घटकर 18 रह गए हैं। सरकार ने युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर माओवाद पर कड़ा प्रहार किया है।

प्रधानमंत्री ने बिहार में चल रही विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं का उल्लेख किया, जिनमें सड़क, बिजली, रेलवे और हवाई अड्डा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का निर्माण पूरा हो चुका है, जो हर साल एक करोड़ यात्रियों की सुविधा देगा। दरभंगा एयरपोर्ट भी अब चालू हो चुका है।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में अब वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, रेलवे लाइनों को डबल और ट्रिपल किया जा रहा है। नबीनगर में बन रहे एनटीपीसी पावर प्रोजेक्ट से राज्य को 1500 मेगावॉट बिजली मिलने की उम्मीद है। साथ ही, कजरा में ग्रीन एनर्जी के तहत सोलर पार्क का निर्माण भी जारी है।

उन्होंने बताया कि 75 लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सहायता मिल रही है। मखाना उत्पादकों को प्रोत्साहन देते हुए सरकार ने मखाना को जीआई टैग और मखाना बोर्ड की स्थापना की है।

पीएम मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन्हीं के शासन में बिहार को पिछड़ेपन की मार झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि दशकों तक गरीबों को शौचालय, बैंक खाते जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं। उन्होंने सामाजिक न्याय के नाम पर सत्ता में आने की कोशिश को महज एक राजनीतिक चाल बताया।

काराकाट में प्रधानमंत्री ने कहा कि जब-जब बिहार ने प्रगति का रास्ता चुना, तब-तब देश ने विश्व मंच पर सफलता हासिल की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास, सुरक्षा और स्थायित्व को प्राथमिकता दें और बिहार को नए युग की ओर आगे ले जाएं।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.