Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

सऊदी अरब ने 10,000 भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए फिर खोला हज पोर्टल

by Arpita Singh • April 15, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। हर साल बड़ी संख्या में भारतीय मुस्लिम हज यात्रा पर जाते हैं, जिसके लिए पहले से रजिस्ट्रेशन आवश्यक होता है। इस बीच, भारत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने हज यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। सऊदी अरब ने भारत के 10,000 अतिरिक्त तीर्थयात्रियों के लिए हज आवेदन पोर्टल (Nusuk) को फिर से खोलने की मंजूरी दे दी है।

मंत्रालय के अनुसार, सऊदी सरकार ने संयुक्त हज समूह ऑपरेटरों (CHGO) को अनुमति दी है कि वे तुरंत अपनी प्रक्रियाएं पूरी करें ताकि ये तीर्थयात्री हज यात्रा में भाग ले सकें। यह निर्णय भारत सरकार के हस्तक्षेप के बाद आया है।

हाल ही में एक रिपोर्ट में यह बताया गया था कि लगभग 52,000 भारतीय तीर्थयात्री इस वर्ष हज यात्रा से वंचित रह सकते हैं, क्योंकि सऊदी अरब ने मीना में कुछ ऐसे क्षेत्र रद्द कर दिए थे, जो पहले निजी टूर ऑपरेटरों को आवंटित किए गए थे। इसी पृष्ठभूमि में यह नई घोषणा राहत लेकर आई है।

भारत की 2025 की हज नीति के अनुसार, देश को कुल 1,75,025 यात्रियों का कोटा प्राप्त हुआ है। इसमें से 70% तीर्थयात्री भारत सरकार की हज समिति के माध्यम से और शेष निजी हज ऑपरेटरों के माध्यम से यात्रा करेंगे।

हज 2025 की तैयारियों की समीक्षा के लिए अल्पसंख्यक मंत्रालय के सचिव चन्द्रशेखर कुमार और संयुक्त सचिव सीपीएस बख्शी हाल ही में सऊदी अरब के जेद्दा शहर गए थे। इस्लामी पंचांग के अनुसार, हज 2025 की संभावित तिथियां 4 जून से 9 जून के बीच हो सकती हैं, जो चांद के दीदार पर निर्भर होंगी।

हज पोर्टल खोलने से उन तीर्थयात्रियों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में सामने आया है, जो अब तक यात्रा की अनिश्चितता के कारण असमंजस में थे।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.