Sun, Jun 7th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

सूर्यकुमार यादव टी20 में एक साल में दो शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय, 51 गेंदों में बनाए 111 रन

by यूनिक समय • November 20, 2022
Advertisement
Ad

यह सूर्यकुमार का टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा शतक है। इससे पहले सूर्यकुमार ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ 55 गेंदों में 117 रन की पारी खेली थी। उस मैच में उन्होंने 48 गेंदों में शतक लगाया था, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्या ने 49 गेंदों में शतक पूरा किया।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला माउंट माउनगनुई में खेला गया। इस मैच में दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज भारत के सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंदों में 111 रन की नाबाद पारी खेली। यह उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) में दूसरा शतक है। इससे पहले सूर्यकुमार ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ 55 गेंदों में 117 रन की पारी खेली थी। उस मैच में उन्होंने 48 गेंदों में शतक लगाया था, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्या ने 49 गेंदों में शतक पूरा किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 191 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 18.5 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने यह मुकाबला 65 रन से अपने नाम किया और सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

सूर्यकुमार ने की रोहित की बराबरी

सूर्यकुमार ने अपनी पारी में 11 चौके और सात छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 217.65 का रहा। सूर्यकुमार एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में दो शतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले 2018 में रोहित शर्मा ने ऐसा किया था। रोहित के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने इस फॉर्मेट में चार शतक लगाए हैं। वहीं, चेक रिपब्लिक के एस दवीजी, ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो ने तीन-तीन शतक लगाए हैं। वहीं, 15 बल्लेबाजों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में दो शतक लगाए हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ स्कोर

सूर्यकुमार द्वारा बनाए 111 रन किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। यह भारत के लिए टी20 में चौथी सर्वश्रेष्ठ पारी (रन के हिसाब से) है। विराट कोहली ने इसी साल दुबई में अफगानिस्तान के खिलाफ दुबई में 61 गेंदों में 122 रन की नाबाद पारी खेली थी।

इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन

सूर्यकुमार के नाम इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। साल 2022 में उन्होंने 30 मैचों में 1151 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो शतक और नौ अर्धशतक लगाए हैं। लिस्ट में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान हैं। रिजवान ने 25 मैचों में 996 रन बनाए हैं। इसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं। सूर्या के पास एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।

रिजवान के रिकॉर्ड से 175 रन दूर सूर्यकुमार

एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के नाम है। रिजवान ने 2021 में 29 मैचों में 134.89 के स्ट्राइक रेट और 73.66 की औसत से 1326 रन बनाए थे। ऐसे में सूर्यकुमार यादव यह रिकॉर्ड अपने नाम करने से बस 175 रन दूर हैं। हालांकि, भारत को इस साल बस एक और टी20 खेलना है। यानी न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा टी20 भारत का इस साल आखिरी टी20 है। उसमें सूर्यकुमार के लिए 175 रन बना पाना काफी मुश्किल होगा। सूर्यकुमार एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में हजार रन पूरे करने वाले भारत के पहले बल्लेबाज भी हैं।

एक कैलेंडर ईयर में दूसरा सबसे ज्यादा 50+ स्कोर

सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर ईयर में दूसरा सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने का भी रिकॉर्ड है। उन्होंने इस साल 11 बार 50+ स्कोर किया है। एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने का रिकॉर्ड मोहम्मद रिजवान के नाम है। उन्होंने 2021 में 13 बार 50+ स्कोर बनाए थे।

सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के

सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का भी रिकॉर्ड है। उन्होंने इस साल (2022) अब तक कुल 67 छक्के लगाए हैं। सूर्या इस मुकाम को छूने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं। इससे पहले एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड मोहम्मद रिजवान के नाम था। रिजवान ने 2021 में 42 छक्के लगाए थे। वहीं, मार्टिन गुप्टिल ने भी 2021 में 41 छक्के लगाए थे और लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। वहीं, सूर्यकुमार ने इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 चौके भी पूरे कर लिए। इस साल उन्होंने T20I में 105 चौके लगाए हैं।
Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.