Mon, Jun 8th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

टी20 वर्ल्ड कप 2022: दूसरी बार टी20 चैंपियन बना इंग्लैंड, फाइनल में पाकिस्तान का टूटा ख्वाब

by यूनिक समय • November 13, 2022
Advertisement
Ad

इंग्लैंड की टीम ने अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब साल 2010 में जीता था और अब 12 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर से बेन स्टोक्स की कप्तानी में ये टीम दूसरी बार चैंपियन बनी।

टी20 वर्ल्ड कप 2022 टूर्नामेंट के फाइनल मैच में इंग्लैंड का सामना पाकिस्तान की टीम के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ। इस मैच में इंग्लैंड के आलराउंडर बेन स्टोक्स ने कठिन परिस्थिति में बेजोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को टी20 चैंपियन बना दिया।

इंग्लैंड की टीम ने दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम कर लिया जबकि पाकिस्तान की टीम का एक बार फिर से चैंपियन बनने का ख्वाब अधूरा रह गया। विश्व क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब कोई टीम वनडे चैंपियन टीम टी20 चैंपियन बनी। इस मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए सैम कुर्रन को प्लेयर आफ द मैच का खिताब दिया गया।

इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहली पारी में इंग्लैंड की सधी गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह से बिखरी हुई नजर आई। इस टीम की तरफ से कोई बड़ी साझेदारी नहीं हो पाई और इसका नतीजा रहा कि बाबर आजम की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 137 रन ही बनाए और इंग्लिश टीम को जीत के लिए 138 रन का लक्ष्य मिला था।

इस मुकाबले में इंग्लैंड को लक्ष्य बेशक कम स्कोर का मिला था, लेकिन पाकिस्तान ने दूसरी पारी में अपनी  बल्लेबाजी से इस टीम के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी थी। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने दमदार गेंदबाजी के जरिए इंग्लैंड को मुश्किल में जरूर डाल दिया, लेकिन बेन की पारी ने सबकुछ बदल दिया और उनकी टीम चैंपियन बनी। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 19 ओवर में 5 विकेट पर 138 रन बनाते हुए अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी।

इंग्लैंड की पारी, बेन स्टोक्स का अर्धशतक

इंग्लैंड के खतरनाक ओपनर बल्लेबाज एलेक्स हेल्स को शाहीन अफरीदी ने एक रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। फिलिप साल्ट ने 10 रन की पारी खेली और हैरिस राउफ ने उन्हें कैच आउट करवा दिया। तीसरे विकेट के रूप में इंग्लैंड को बड़ा झटका जोस बटलर के तौर पर लगा। उन्हें हारिस रउफ ने रिजवान के हाथों कैच करवाया। बटलर ने 26 रन बनाए।

चौथे विकेट के लिए स्टोक्स और ब्रूक ने 39 रन जोड़े लेकिन 20 के निजी स्कोर पर ब्रूक शादाब खाना का शिकार बने। उनका कैच शाहीन अफरीदी ने पकड़ा। मोइन अली ने 19 रन की पारी खेली और मो. वसीम जूनियर की गेंद पर बोल्ड हो गए। बेन स्टोक्स ने 49 गेंदों पर एक छक्का और 5 चौकों की मदद से नाबाद 52 रन बनाए।

पाकिस्तान की पारी, बाबर ने खेली 32 रन की पारी

मो. रिजवान ने 15 रन बनाए, लेकिन सैम कुर्रन की एक गेंद उनके बल्ले का निचला किनारा लेती हुई विकेट से टकरा गई और वो बोल्ड हो गए। मो. हारिस को आदिल राशिद ने 8 रन पर बेन स्टोक्स के हाथों कैच आउट करवा दिया। कप्तान बाबर आजम ने 28 गेंदों पर 32 रन बनाए और आदिल राशिद ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच लेकर आउट कर दिया। इफ्तिखार अहमद खाता भी नहीं खोल पाए और बेन स्टोक्स की गेंद पर कैच आउट हो गए।

अच्छी बल्लेबाजी कर रहे शान मसूद को सैम कुर्रन ने अपनी गेंद पर आउट किया। उन्होंने 28 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली। शादाब खान ने 20 रन की पारी खेली और वो क्रिस जार्डन की गेंद पर आउट हुए। मो. नवाज 5 रन जबकि मो. वसीम 4 रन बनाकर आउट हुए जबकि शाहीन अफरीदी 5 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से सैम कुर्रन ने तीन, आदिल राशिद व जार्डन ने दो-दो जबकि बेन स्टोक्स ने एक विकेट लिया।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.