Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

UP News: मातृ शक्ति के सम्मान में सीएम योगी ने किया कन्या पूजन; गोरक्षपीठ की परंपरा निभाते हुए पांव पखारे, अपने हाथों से परोसा भोजन

by Tarun Bhardwaj • October 1, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। गोरक्षपीठ की परंपरा रही है कि वह मातृ शक्ति के प्रति अगाध श्रद्धा व सम्मान व्यक्त करती है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने इस परंपरा का विस्तार नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान की अनेक योजनाओं के माध्यम से किया है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, सीएम योगी ने बुधवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया।

विधि-विधान से पूजन और बटुक भैरव का सत्कार

गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने पीतल के परात में जल लेकर बारी-बारी से नौ नन्ही बालिकाओं के पांव पखारे। इसके बाद उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच उनके माथे पर रोली, चंदन, दही, अक्षत का तिलक लगाया, पुष्प व दुर्वा से अभिषेक किया, माला पहनाई और चुनरी ओढ़ाई।

सीएम योगी ने सभी कन्याओं की आरती उतारी और उन्हें उपहार एवं दक्षिणा प्रदान कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने छह माह की एक बच्ची के भी पांव पखारे और पूजन किया। परंपरा का निर्वहन करते हुए, मुख्यमंत्री ने बटुक पूजन भी किया और हनुमानजी के वेश में आए एक बालक को तिलक लगाकर अंगवस्त्र ओढ़ाया।

सीएम योगी ने अपने हाथों से परोसा भोजन

पूजन समाप्त होने के बाद, मुख्यमंत्री ने मंदिर की रसोई में पकाए गए ताजा भोजन प्रसाद को स्वयं अपने हाथों से नौ कन्याओं और बटुकों को परोसा। उन्होंने भोजन परोसते समय निरंतर संवाद भी किया और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी बालक-बालिका की थाली में प्रसाद की कोई कमी न रहे। सीएम योगी के हाथों से दक्षिणा और स्नेह पाकर सभी बालिकाएं और बटुक काफी प्रफुल्लित दिखे।

नौ कन्याओं के अलावा, बड़ी संख्या में पहुंची अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी मुख्यमंत्री ने पूजन कर आरती उतारी और सभी को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी। कन्या पूजन से पहले, सीएम योगी ने प्रातःकाल के पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना की। इस दौरान प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ और काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा भी मौजूद रहे।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

ये भी पढ़ें: India News: RSS के शताब्दी समारोह में शामिल हुए पीएम मोदी; ₹100 का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट किया जारी

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.