Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार संग पहुंचे जयपुर के आमेर महल

by Tarun Bhardwaj • April 22, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सोमवार रात अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंचे। उनके साथ उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चे इवान, विवेक और मीराबेल भी भारत आए हैं। जयपुर एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे होटल रामबाग पैलेस पहुंचा, जहां वे 24 अप्रैल तक रुकेंगे। वेंस की यात्रा को भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

सुबह करीब 9 बजे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला रामबाग पैलेस से आमेर महल के लिए रवाना हुआ, जहां ऐतिहासिक जलेब चौक पर उनका पारंपरिक राजस्थानी स्वागत किया गया। वे करीब ढाई घंटे आमेर में रहेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हाथी चंदा और पुष्पा ने जेडी वेंस का स्वागत किया।

28 वर्षीय चंदा और 19 वर्षीय पुष्पा को चांदी की पायल, हार और 60 लाख रुपए कीमत का शाही हौदा पहनाया गया। दोनों हाथियों पर प्राकृतिक रंगों से सुंदर लोक चित्रकारी की गई है तथा उनके माथे पर ढूंढाणी शैली में मांडणे बनाए गए हैं। स्वागत के दौरान हथिनी चांदा ने फूलों की माला पहनाकर वेंस का स्वागत किया तथा पुष्पा ने आशीर्वाद देने के लिए अपनी सूंड उठाई। उनके महल में भ्रमण के दौरान आम पर्यटकों का प्रवेश बंद रहेगा। सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।

आमेर महल का अवलोकन करने के बाद उपराष्ट्रपति वेंस और उनका परिवार पन्ना मीना कुंड तथा अनोखी संग्रहालय भी जाएंगे। दोपहर 2:30 बजे वेंस राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में भारत-अमेरिका व्यापार सम्मेलन में भाग लेंगे तथा अपने संबोधन में व्यापार सहयोग बढ़ाने पर विचार साझा करेंगे। इसके बाद वे रामबाग पैलेस में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े तथा वाणिज्य मंत्री से मुलाकात करेंगे।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.