यूनिक समय, वृंदावन। थाना कोतवाली वृंदावन क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में अक्रूर गांव निवासी सब्जी विक्रेता की अकाल मृत्यु हो गई। पर्यटकों को लेकर आई एक बस द्वारा स्कूटी में टक्कर मारे जाने से यह भीषण हादसा हुआ। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मथुरा-वृंदावन मुख्य मार्ग पर ट्री-गार्ड डालकर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चैतन्य बिहार दुकान पर जाते समय हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, सब्जी विक्रेता अक्रूर गांव निवासी 45 वर्षीय किशन सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपनी स्कूटी से चैतन्य बिहार स्थित सब्जी की दुकान पर जा रहे थे। जैसे ही किशन वात्सल्य ग्राम के समीप पहुंचे, वहां पर्यटकों को लेकर आई एक बस का चालक गाड़ी को बैक कर रहा था। इसी दौरान बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे किशन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल किशन को इलाज के लिए पहले वृंदावन के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मथुरा रेफर कर दिया गया। मथुरा के बड़े अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद किशन को मृत घोषित कर दिया। सड़क पर ट्री-गार्ड डालकर लगाया जाम हादसे में हुई मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया। गुस्साए परिजन शव को लेकर गांव के बाहर मथुरा-वृंदावन मुख्य मार्ग पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क किनारे लगे लोहे के ट्री-गार्ड उखाड़कर मुख्य मार्ग के बीचों-बीच डाल दिए, जिससे सड़क का यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी हाथों में लाठियां लेकर सड़क पर उतर आईं। जाम के बीच वहां से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे एक बाइक सवार को भी उग्र भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। एंबुलेंस पर पथराव और बस में तोड़फोड़ घटनास्थल पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई, जहां पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव को एंबुलेंस में रखकर ले जाने का प्रयास किया, तो भीड़ ने एंबुलेंस को रोक लिया और शव निकालने के लिए पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए किसी तरह एंबुलेंस को वहां से निकाला, लेकिन आक्रोशित लोगों ने एंबुलेंस के शीशे तोड़ दिए। उग्र ग्रामीण दुर्घटना करने वाली बस को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर गांव के अंदर खींच ले गए, जहां उन्होंने बस के शीशे तोड़ दिए और टायर पंचर कर दिए। इसके अलावा, बरेली से 56 श्रद्धालुओं को लेकर आए बस चालक लालू शर्मा के साथ भी मारपीट की गई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाकर अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल सड़क हादसे में असमय काल कवलित हुए सब्जी विक्रेता किशन ही अपने पूरे परिवार में अकेले कमाने वाले व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु के बाद परिवार में 4 बेटियों और 1 बेटे के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। मृतक के भाई नंद किशोर ने शासन और प्रशासन से आरोपी बस चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि मौके पर 3 थानों की पुलिस बल तैनात कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि परिजनों से लिखित तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Jai Jai Ram Song Release: गणेश चतुर्थी पर नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का पहला भक्ति गीत ‘जय जय राम’ रिलीज ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]