Sat, Jun 6th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

योगी ने महंत नरेंद्र गिरी के अंतिम दर्शन किए, बोले— एक—एक साजिश का पर्दाफाश होगा, दोषी बचेंगे नहीं

by Raju Chaurasia • September 21, 2021
Advertisement
Ad

प्रयागराज, यूपी। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी का आज पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि महंत की सोमवार को संदिग्‍ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार देर शाम उनके शिष्य आनंद गिरी को हिरासत में लिया है।
गिरी का शव प्रयागराज के उनके बाघंबरी मठ में ही फांसी के फंदे से लटकता मिला था। महंत के कमरे से 6 से 7 पेज का सुसाइड नोट भी मिला है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि को प्रयागराज में उनके बाघंबरी मठ स्थित आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी।

योगी ने कहा-दोषियों को सजा मिलेगी
इस मौके पर मीडिया से चर्चा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा-कल की घटना को लेकर बहुत से साक्ष्य इकट्ठे किए गए हैं। पुलिस की एक टीम, यहां के एडीजी जोन, आईजी रेंज और डीआईजी प्रयागराज, मंडलायुक्त प्रयागराज सभी अधिकारी एकसाथ मिलकर इस काम को आगे बढ़ा रहे हैं। एक-एक घटना का पर्दाफाश होगा और दोषी को अवश्य सजा मिलेगी। इस दुखद घटना से हम सब व्यथित हैं। यह हमारे आध्यात्मिक और धार्मिक समाज की अपूरणीय क्षति है। मान अपमान की चिंता के बगैर उन्होंने प्रयागराज कुंभ को भव्यता के साथ आयोजित करने में योगदान दिया था। समाज और देश के हित में किए जाने वाले हर निर्णय में उनका सहयोग प्राप्त होता था।

ADG(L&O) प्रशांत कुमार ने बताया कि नरेंद्र गिरी के शिष्य आनंद गिरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसका नाम महंत नरेंद्र गिरी की मौत के मामले में सुसाइड नोट में भी है। जांच की जा रही है। आनंद गिरी को उसी दिन पुलिस हिरासत में लिया गया था।

क्या ब्लैकमेल किया जा रहा है?
सूत्रों के मुताबिक, महंत गिरी के किसी वीडियो की CD तैयार की गई थी। इसके आधार पर उन्हें कोई ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस ने सीडी जब्त कर ली है। शिष्यों का दावा है कि मौत से पहले नरेंद्र गिरी ने अपने कबूलनामे का एक वीडियो भी बनाया था।

अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन चौकस
महंत नरेंद्र गिरी का पोस्टमार्टम के बाद आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रयागराज में अखाड़ा परिषद के पंच परमेश्वरों की सुबह बैठक हुई। इसमें तय करने के बाद महंत के शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। योगी के अलावा सपा चीफ अखिलेश यादव भी महंत के अंतिम दर्शन करने प्रयागराज आ रहे हैं।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने महंत नरेंद्र गिरि की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि “देश के प्रख्यात संत व अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत श्री नरेन्द्र गिरि जी की मौत की खबर अति-दुःखद तथा जिस परिस्थिति में उनकी मौत की खबर है वह अति-चिन्तनीय। उनके अनुयाइयों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। सरकार जन भावना व मामले की गंभीरता के अनुरूप संतोषजनक कार्रवाई करे।”

CBI जांच की मांग
महंत की मौत पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दु:ख जताते हुए कहा है कि जो भी उनकी मौत का दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस बीच अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने नरेंद्र गिरि की मौत की जांच CBI से कराने की मांग उठाई है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.