Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

MCD में भी चली ‘झाड़ू’, 15 साल की BJP की सत्ता छीनकर AAP ने पाया बहुमत

by यूनिक समय • December 7, 2022
Advertisement
Ad

दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी  ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. पिछले 15 साल से दिल्ली नगर निगम पर भाजपा (BJP) का शासन था, जिसे आम आदमी पार्टी ने छीन लिया है. आम आदमी पार्टी  ने अब तक 129 सीटों पर जीत हासिल कर ली है. दूसरे नंबर पर भाजपा है, जिसने अभी तक 96 सीटें जीती हैं. वहीं कांग्रेस की बात करें तो वह केवल 6 ही सीटें जीत पाई है. तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.

अबुल फजल से कांग्रेस उम्मीदवार अरिबा खान ने जीत हासिल की है. उनके पिता आसिफ खान चुनाव के दौरान पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में जेल में बंद हैं. कांग्रेस ने जाकिर नगर सीट भी अपने कब्जे में कर ली है. दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूरबस्ती में भाजपा ने तीनों सीटें सरस्वती विहार,  पश्चिम विहार और रानी बाग जीत ली हैं.

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले दिल्ली से कांग्रेस की 15 साल की सत्ता को उखाड़ा था, अब एमसीडी से भाजपा की 15 साल की सत्ता को उखाड़ दिया. इसका मतलब है कि लोग नफरत की राजनीति को पसंद नहीं करते हैं. लोग बिजली, सफाई, इंफ्रास्ट्रक्चर को वोट देते हैं.

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, हमने आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, उसे जनता ने समझा. हम नगर निगम में चौथी बार मेयर बनाएंगे. जिस तरह के रुझान हैं, नगर निगम चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत पाएगी.

दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में लोगों ने बहुत समर्थन दिया है. चौथी बार भाजपा को चुन रहे हैं. रुझान अभी उतने पक्ष में नहीं हैं, जितने नतीजे हैं. अभी हार कैसे मानेंगे. आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में कुल 250 सीटों में से 180 से अधिक सीटें जीतने का भरोसा जताया है.

‘AAP’ के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “रुझान बदलेगा और हम 180 से अधिक सीटों पर विजयी होंगे. हमने अपने कार्यालय को सजा लिया है और जैसे ही रुझान बदलेंगे, हम जश्न मनाएंगे. भाजपा चुनाव प्रचार के दौरान एमसीडी में अपने 15 साल के कार्यकाल में कोई भी उपलब्धि नहीं गिना पाई है.”

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.