Sat, Jun 20th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

मथुरा में ड्रग्स माफिया के घर एनसीबी का छापा, मंदिर के तहखाने से 1 करोड़ 75 लाख का गांजा बरामद, गाड़ी पर भाजपा का झंडा

by यूनिक समय • February 25, 2023
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। पुलिस ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ मिलकर नशे का कारोबार करने वाले ड्रग्स माफिया के ठिकाने पर छापा मारा है। पुलिस और एनसीबी की टीम ने ड्रग्स कारोबारी के घर से साढ़े 3 कुंतल गांजा बरामद किया। आरोपी ने गांजे की यह खेप घर में बने मंदिर के तहखाने में छिपा रखी थी। पुलिस अभी मौके पर तलाशी में जुटी हुई है।
राया पुलिस एनसीबी की टीम के साथ थाना क्षेत्र के पड़रारी गांव में पहुंची। टीम ने यहां के रहने वाले तेजवीर के घर पर छापा मारा। ड्रग्स माफिया के घर छापा पड़ते ही मौके पर हड़कंप मच गया। तेजवीर के लिए नशे का काम करने वाले भागने लगे। टीम ने मौके से तेजवीर उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा।
तेजवीर गांव और आसपास के इलाके में स्वक्ष छवि और रसूखदार व्यक्तित्व को दिखाता था। धार्मिक कार्यक्रमों में तेजवीर पहुंचता और अपने को धार्मिक दर्शाता था। सूत्रों के अनुसार तेजवीर के कई बड़े नेताओं से संपर्क हैं। इसने अपनी गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा रखा था। तेजवीर ने गाड़ी पर जय इच्छा पूर्ति धाम संगीत प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी लिखवा रखा था।
पुलिस और एनसीबी की छापेमारी में तेजवीर के घर से साढ़े 3 कुंतल गांजा बरामद किया। तेजवीर ने यह गांजा अपने घर के अंदर बने मंदिर के तहखाने में छुपा रखा था। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1 करोड़ 75 लाख रूपए आंकी गई है। तेजवीर कभी भगवा धारण कर लेता था तो कभी साधु वेश बनाकर घूमता था।
टीम ने तेजवीर के घर से छापेमारी के दौरान 1 लाख 70 हजार रूपए बरामद किए। इसके अलावा सोने चांदी के आभूषण,गाड़ी और मोटर साइकिल भी बरामद की है। पुलिस और एनसीबी की टीम अभी मौके पर कार्यवाही में जुटी है। इस मामले में अभी पुलिस कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। जानकारी के अनुसार इस मामले में देर शाम तक पुलिस खुलासा कर सकती है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.