Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

पंजाब: APP नेता की बेटी वंशिका की कनाडा में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत

by Tarun Bhardwaj • April 29, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। कनाडा के ओटावा शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है, जहां भारतीय मूल की छात्रा वंशिका रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई है। ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने वंशिका की मौत की पुष्टि की है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उसकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

वंशिका पंजाब के डेरा बस्सी की मूल निवासी थी और आप पार्टी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के करीबी देविंदर सिंह की बेटी थी। वंशिका उच्च शिक्षा के लिए ढाई साल पहले ओटावा गई थी और वहां डिप्लोमा कोर्स कर रही थी। वंशिका ओटावा में किराए के मकान में रहती थी। वह 25 अप्रैल 2025 की शाम को अपने घर से निकली और वापस नहीं लौटी। रात करीब 11:40 बजे के बाद उसका फोन नेटवर्क भी काम करना बंद कर दिया।

परिवार ने बताया कि वंशिका ने अगले दिन एक बहुत ही महत्वपूर्ण परीक्षा भी छोड़ दी थी, जो उसके स्वभाव के बिल्कुल विपरीत था। इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय समुदाय में गहरी चिंता फैल गई। वंशिका के बारे में जब कोई सुराग नहीं मिला तो ओटावा में रहने वाले हिंदी समुदाय ने ओटावा पुलिस सेवा को पत्र लिखकर मामले की जांच में तेजी लाने की अपील की।

आखिरकार उसका शव एक समुद्र तट पर बरामद हुआ। फिलहाल वंशिका की मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने जांच जारी रखी है और भारतीय उच्चायोग ने भी स्थानीय अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच करने का अनुरोध किया है। भारतीय उच्चायोग ने एक बयान जारी कर कहा कि वे वंशिका के परिवार और स्थानीय सामुदायिक संघों के साथ निकट संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

वंशिका के परिवार को उसकी मौत में गड़बड़ी का संदेह है। वे चाहते हैं कि जांच निष्पक्ष और गहन हो ताकि सच्चाई सामने आ सके। अपने सपनों को पूरा करने के लिए विदेश गई एक होनहार छात्रा का अचानक और रहस्यमय तरीके से चले जाना न केवल उसके परिवार के लिए बल्कि पूरे समुदाय के लिए गहरा सदमा है। यह घटना कनाडा में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.