यूनिक समय, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे ने शुक्रवार सुबह एक ऐसी तस्वीर पेश की, जिसने रेस्क्यू टीम से लेकर चश्मदीदों तक हर किसी की आंखों में आंसू ला दिए। जैसे-जैसे बांध की लहरों से शव बाहर आए, एक माँ और उसके चार साल के मासूम बेटे की कहानी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। सीने से चिपका मिला मासूम शुक्रवार सुबह जब बचाव दल ने क्रूज के भीतर से शवों को निकालना शुरू किया, तो वहां का दृश्य अत्यंत मार्मिक था। एक 4 साल का बच्चा अपनी माँ के सीने से मजबूती से लिपटा हुआ मिला। शवों की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मां ने डूबते हुए क्रूज के भीतर आखिरी दम तक अपने लाडले को बचाने के लिए उसे अपने सीने से चिपकाए रखा होगा। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद मंत्री राकेश सिंह और बचाव दल के सदस्यों की आंखें भी नम हो गईं. पिकनिक मनाने पहुंचा था परिवार यह परिवार खुशियों की तलाश में दिल्ली से बरगी बांध पिकनिक मनाने आया था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी आखिरी यात्रा होगी। परिवार में पति-पत्नी, एक बेटा और एक बेटी शामिल थे। हादसे के दौरान पिता और बेटी तो किसी तरह सुरक्षित बच गए, लेकिन मां और बेटा क्रूज के अंदर ही फंस गए और काल के गाल में समा गए। हादसे का अपडेट जबलपुर क्रूज हादसे में हताहतों और बचाव कार्य की वर्तमान स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन और शव बरामद किए गए, जिसके बाद इस हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या अब 9 तक पहुंच गई है। राहत की बात यह है कि रेस्क्यू टीम ने अब तक 24 लोगों को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हालांकि, आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अभी भी 9 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। स्थानीय प्रशासन अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है कि आखिर इतने बड़े हादसे के पीछे मुख्य कारण क्या रहे. इसके साथ ही, मां-बेटे के एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले शवों की मार्मिक तस्वीर ने पर्यटन क्षेत्र के सुरक्षा मानकों और पुख्ता इंतजामों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: हिस्ट्रीशीटर ने कुल्हाड़ी से पार्षद पर किया जानलेवा हमला; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात