यूनिक समय, नई दिल्ली। फीफा (FIFA) वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को फुटबॉल जगत का अब तक का सबसे बड़ा और हैरान कर देने वाला उलटफेर देखने को मिला है। दो बार की विश्व चैंपियन और फीफा रैंकिंग में 19वें स्थान पर काबिज उरुग्वे का सफर ग्रुप चरण में ही शर्मनाक तरीके से समाप्त हो गया है। वहीं दूसरी ओर, महज पांच लाख की आबादी वाले छोटे से अफ्रीकी द्वीपीय देश केप वर्डे ने अपने पहले ही वर्ल्ड कप में इतिहास रचते हुए राउंड ऑफ 32 (नॉकआउट चरण) में जगह बना ली है। स्पेन ने उरुग्वे को दिया 1-0 से हराया शनिवार (27 जून 2026) को एस्टाडियो ग्वाडलजारा में आयोजित ग्रुप H के बेहद निर्णायक और बहुप्रतीक्षित मुकाबले में यूरोपीय चैंपियन स्पेन ने उरुग्वे को 1-0 से धूल चटा दी। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल 42वें मिनट में स्पेन के एलेक्स बाएना ने दागा। यह गोल उरुग्वे के 40 वर्षीय अनुभवी गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा की एक बड़ी और बचकानी गलती का नतीजा था, जो पेनल्टी एरिया के अंदर से लगाए गए एक बेहद सामान्य शॉट को रोकने में पूरी तरह नाकाम रहे। मुसलेरा की इस टूर्नामेंट में यह तीसरी बड़ी गलती थी, जिसके चलते उरुग्वे के कोच मार्सेलो बिएल्सा ने उन्हें हाफ टाइम में ही मैदान से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस करारी हार के साथ ही दक्षिण अमेरिकी दिग्गज टीम उरुग्वे नॉकआउट की रेस से पूरी तरह बाहर हो गई। लगातार दूसरे वर्ल्ड कप में उरुग्वे के साथ ऐसा ही दिल तोड़ने वाला वाकया हुआ है। मैदान पर रो पड़े उरुग्वे के खिलाड़ी मैच की अंतिम सीटी बजते ही उरुग्वे के कई स्टार खिलाड़ी मैदान पर ही सिर पकड़कर फूट-फूटकर रोने लगे। टीम की इस शर्मनाक विदाई से नाराज प्रशंसकों ने मैदान से बाहर जाते समय खिलाड़ियों की जमकर हूटिंग (असंतोष व्यक्त) भी की। मुकाबले के अंतिम मिनटों में फेडेरिको विनास के पेनल्टी एरिया के अंदर गिरने के बाद उरुग्वे ने पेनल्टी की जोरदार मांग की थी, जिसे रेफरी ने ठुकरा दिया। इसके बाद मैदान पर तीखा तनाव देखने को मिला, जहां स्पेन के डिफेंडर पॉल कुबार्सी पर खतरनाक फाउल करने के चलते उरुग्वे के अगस्टिन कैनोबियो को स्टॉपेज टाइम में 'रेड कार्ड' दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया। मैच खत्म होने के बाद भी उरुग्वे के खिलाड़ी रेफरी से भिड़ते नजर आए। बिना एक भी मैच जीते केप वर्डे ने रचा इतिहास ग्रुप H से नॉकआउट में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनकर केप वर्डे ने वो कारनामा कर दिखाया है जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। शनिवार को ही ह्यूस्टन के स्टेडियम में केप वर्डे और सऊदी अरब के बीच खेला गया मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। यह परिणाम केप वर्डे के लिए इतिहास रचने के लिए काफी था। अपने पहले ही वर्ल्ड कप में उतरी इस छोटी सी टीम ने बिना कोई मैच जीते, केवल अपने तीनों ग्रुप मैच ड्रॉ खेलकर और 3 अंक बटोरकर ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। केप वर्डे ने पहले मैच में स्पेन जैसी मजबूत टीम को ड्रॉ पर रोका, फिर उरुग्वे के खिलाफ 2-2 से ऐतिहासिक ड्रॉ खेला और आखिर में सऊदी अरब से एक अंक छीनकर नॉकआउट का टिकट पक्का कर लिया। केप वर्डे अब फीफा इतिहास में नॉकआउट में पहुंचने वाला दुनिया का सबसे छोटा देश बन गया है। अब राउंड ऑफ 32 के महामुकाबले में केप वर्डे का सामना मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना से होगा। स्पेन 7 अंकों के साथ शीर्ष पर रहकर शान से नॉकआउट में पहुंचा है, जहां उसका सामना बृहस्पतिवार को कैलिफोर्निया के इंगलवुड में ग्रुप J की उपविजेता टीम (ऑस्ट्रिया या अल्जीरिया) से होगा। वहीं उरुग्वे और सऊदी अरब दो-दो अंकों के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उरुग्वे तीसरे स्थान पर जरूर रहा, लेकिन उसके पास अगले राउंड में पहुंचने वाली तीसरे नंबर की शीर्ष आठ टीमों में शामिल होने के लिए पर्याप्त अंक (नेट रन रेट/गोल डिफरेंस) नहीं थे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Bhagyaraj: दिग्गज अभिनेता-निर्देशक के. भाग्यराज का 73 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]