Tue, Jul 21st, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura News: द्वारकाधीश मंदिर में मुख्य द्वार की दान गुल्लक तोड़कर नकदी चोरी; CCTV में कैद हुई वारदात

by Tarun Bhardwaj • July 20, 2026
Theft at Dwarkadhish Temple Donation box at the main entrance broken open

Mathura News: द्वारकाधीश मंदिर में मुख्य द्वार की दान गुल्लक तोड़कर नकदी चोरी; CCTV में कैद हुई वारदात

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। कान्हा की नगरी के राजाधिराज कहे जाने वाले विश्व प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में चोरी की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि में एक शातिर चोर ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर रखी स्टील की दान गुल्लक का ताला चटकाकर उसमें रखी हजारों रुपए की नकदी उड़ा ली। ताला तोड़ने से लेकर नकदी पार करने तक की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह मंदिर प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सुबह कपाट खुलने पर हुआ चोरी का खुलासा

जानकारी के अनुसार, यह वारदात रविवार देर रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच अंजाम दी गई। सोमवार सुबह करीब 5:15 बजे जब मंदिर के सुरक्षा कर्मचारी और ड्यूटी पर तैनात गार्ड कपाट खुलने से पहले मुख्य द्वार पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि मुख्य द्वार की सीढ़ियों के पास लगी स्टील की दान गुल्लक का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी भेंट राशि गायब थी। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना मंदिर के महाप्रबंधक अशोक शर्मा और उच्चाधिकारियों को दी।

मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि इस गुल्लक को मुख्य द्वार पर इसलिए लगाया गया है ताकि जो श्रद्धालु किसी कारणवश मंदिर के भीतर नहीं जा पाते, वे बाहर से ही ठाकुर जी के चरणों में अपनी श्रद्धा राशि अर्पित कर सकें। इसी गुल्लक को चोरों ने अपना निशाना बनाया।

CCTV फुटेज में चोर की करतूत

द्वारकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर वारदात का पूरा घटनाक्रम साफ हो गया। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक अज्ञात शातिर चोर हाथ में सरिया जैसी कोई नुकीली चीज लेकर मंदिर के आसपास घूम रहा था। रात करीब 12 बजे वह पहले मंदिर के मुख्य गेट पर आकर बैठ गया और करीब 9 मिनट तक बैठकर रेकी करता रहा कि कोई आ-जा तो नहीं रहा है।

रास्ता साफ देखकर वह गुल्लक के पास पहुंचा और महज 2 मिनट के भीतर सरिए की मदद से ताला चटका दिया। ताला तोड़ने के तुरंत बाद वह कुछ देर के लिए वहीं बैठ गया। इसी बीच वहां से एक स्कूटी सवार गुजरा, जिसने वहीं से भगवान को प्रणाम किया और आगे निकल गया। स्कूटी सवार के जाते ही चोर ने अपने बैग से कुछ निकाला, गुल्लक खोली और उसमें रखी सारी नकदी अपने बैग में भरकर रफूचक्कर हो गया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोर करीब 1 घंटे तक बेखौफ होकर घटना स्थल के आसपास ही मंडराता रहा।

कोतवाली पुलिस को दी लिखित शिकायत

चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद मंदिर के महाप्रबंधक अशोक शर्मा की ओर से शहर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जा रही है। मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने कहा कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की गई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के बाद मंदिर की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा की जाएगी।

इस वारदात के बाद द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र के स्थानीय व्यापारियों, तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि इतने प्रसिद्ध और संवेदनशील मंदिर के मुख्य द्वार पर एक घंटे तक चोर वारदात को अंजाम देता रहा और सुरक्षाकर्मियों को भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे बाजार क्षेत्र और मंदिर परिसर के आसपास नियमित पुलिस गश्त (पैट्रोलिंग) बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। फिलहाल कोतवाली पुलिस चोर की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Vrindavan: बांके बिहारी मंदिर में VIP गेट पर महिला पुलिसकर्मी ने श्रद्धालु युवक पर बरसाए थप्पड़; वीडियो वायरल

ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे  WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

योगी कैबिनेट की बैठक में 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर दिल्ली कैपिटल्स के स्टार क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर लगे दुष्कर्म के आरोप India-US ट्रेड डील के विरोध में किसानों का दिल्ली कूच NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक में गरजे पीएम मोदी सिक्किम टनल पर भीषण लैंडस्लाइड CJP डेलिगेशन और जेपी नड्डा के बीच 5 घंटे चला मंथन बाराबंकी में काशी की तर्ज पर बनेगा ‘लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर’ अभिजीत दीपके को पुलिस ने लिया हिरासत में