यूनिक समय, मथुरा। मथुरा रिफाइनरी की मथुरा-सलाया क्रूड ऑयल पाइपलाइन से करोड़ों रुपये के तेल चोरी के बहुचर्चित और हाई-प्रोफाइल मामले में मथुरा पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई की है। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े मध्य प्रदेश के एक बड़े तेल कारोबारी और उसके परिवार की 19 करोड़ 44 लाख 16 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर लिया है। इस बड़ी कार्रवाई से तेल माफियाओं और संगठित अपराधियों में हड़कंप मच गया है। सितंबर 2023 का है मामला यह पूरा मामला सितंबर 2023 का है, जब फरह थाना क्षेत्र के सेरसा गांव के पास मथुरा-सलाया क्रूड ऑयल पाइपलाइन में अचानक प्रेशर कम होने और रिसाव की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस और रिफाइनरी अधिकारियों के होश तब उड़ गए, जब पता चला कि जमीन के नीचे बिछी मुख्य पाइपलाइन में अवैध वाल्व और पाइप जोड़कर बहुत ही सुनियोजित तरीके से रोजाना हजारों लीटर क्रूड ऑयल चुराया जा रहा था। फरह पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त कार्रवाई में इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जिसके दौरान पुलिस ने मौके से हजारों लीटर चोरी का क्रूड ऑयल, लाखों रुपये की नकदी, टैंकर, लग्जरी कारें और पाइपलाइन में सेंध लगाने वाले आधुनिक उपकरण बरामद किए थे। MP के तेल कारोबारी पर चला कानून का डंडा पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद जिला मजिस्ट्रेट (DM) मथुरा द्वारा 3 जुलाई को जारी कुर्की आदेश के अनुपालन में पुलिस प्रशासन ने बुधवार को यह बड़ी कार्रवाई पूरी की। इस कार्रवाई के तहत मध्य प्रदेश के देवास जिले (सोनकच्छ) निवासी मुख्य खरीदार और तेल कारोबारी अशोक जैन, उनकी पत्नी किरण जैन तथा बेटों रूपक जैन व शुभम जैन के नाम दर्ज संपत्तियों को सील कर दिया गया है। सील की गई इन संपत्तियों में एक चालू पेट्रोल पंप, आवासीय प्लॉट, कई एकड़ कीमती कृषि भूमि, भारी वाहन और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग 19.44 करोड़ रुपये आंकी गई है। 11 सदस्यीय गिरोह का सरगना फरह का राकेश पुलिस जांच के अनुसार क्रूड ऑयल चोरी करने वाले इस संगठित गिरोह में कुल 11 सक्रिय सदस्य शामिल हैं, जिसका मुख्य सरगना फरह (मथुरा) निवासी राकेश है। राकेश स्थानीय स्तर पर पाइपलाइन में सेंधमारी को अंजाम देता था और चुराया गया तेल बाहरी राज्यों के कारोबारियों को सप्लाई करता था। इस गिरोह के तार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी और लखीमपुर खीरी के अलावा मध्य प्रदेश के इंदौर व देवास जिलों तक फैले हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि गिरोह के बाकी 10 सदस्यों की अवैध कमाई और संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा चुका है, और बहुत जल्द अन्य आरोपियों की संपत्तियों पर भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Breaking News: CJP प्रमुख अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान; सितंबर से शुरू होगा देशव्यापी अभियान ‘क्या बोलती पब्लिक’ ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]