यूनिक समय, लखनऊ। राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर एक खौफनाक वारदात से सनसनी फैल गई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत मानस बाजपेयी (35) ने अपनी बैंक रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा (33) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर पहुंचकर अपनी मानसिक रूप से बीमार बहन शीबा (28) की गोली मारकर हत्या की और फिर खुद भी गोली चलाकर आत्महत्या कर ली। ICICI बैंक के बाहर बुलाकर पत्नी को मारी गोली घटना दोपहर करीब 12:05 बजे की है। मानस अपनी कार से गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक पहुंचा, जहां उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा असिस्टेंट मैनेजर (रिलेशनशिप मैनेजर) के पद पर कार्यरत थीं। मानस ने फोन करके दिव्या को ऑफिस से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और इसी दौरान मानस ने पिस्टल निकालकर दिव्या पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल दिव्या को इलाज के लिए तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिव्या प्रसिद्ध यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। घर पहुंचकर तेज आवाज में चलाई हनुमान चालीसा पत्नी पर गोली चलाने के बाद मानस सीधे 2 किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान में पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह पसीने से भीगा हुआ था। घर के अंदर जाते ही उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चला दी। इसके बाद उसने अपनी बीमार बहन शीबा की गोली मारकर हत्या कर दी। मानस को डर था कि उसके न रहने के बाद मानसिक रूप से बीमार बहन का ख्याल कौन रखेगा। इसके तुरंत बाद उसने खुद के सीने पर गोली मारकर जान दे दी। गोलियों की आवाज और व्हाट्सएप स्टेटस देखकर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर भाई-बहन की खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं। व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखी खौफनाक बात वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले मानस बाजपेयी ने अपने व्हाट्सएप पर एक स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने इस पूरे कदम की वजह पारिवारिक विवाद और धोखे को बताया। स्टेटस में उसने लिखा: "मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया। अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है। उसकी (दिव्या की) बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव को सब कुछ पता है।" 12 साल पहले हुई थी शादी पुलिस जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या की शादी 12 साल पहले हुई थी और उनका कोई बच्चा नहीं था। पिछले करीब डेढ़ साल से दोनों के बीच अनबन चल रही थी, जिसके चलते दिव्या ने एक साल पहले कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी और वह आलमबाग में अलग रह रही थीं। मानस अपनी बहन के साथ हुसड़िया में रहता था और उसके माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Sajjan Kumar Dies: 1984 सिख दंगे के दोषी सज्जन कुमार का निधन; तिहाड़ जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]