Sat, Sep 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Mathura: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर आसमान में दिखा अद्भुत नजारा; 500 ड्रोन ने उकेरीं भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाएं

by Tarun Bhardwaj • September 5, 2026
A spectacular sight was seen in the sky on Shri Krishna Janmashtami

Mathura: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर आसमान में दिखा अद्भुत नजारा; 500 ड्रोन ने उकेरीं भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाएं

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मथुरा में पहली बार आयोजित हुए भव्य ड्रोन शो ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से आयोजित इस अनोखे कार्यक्रम में 500 अत्याधुनिक ड्रोन के माध्यम से आसमान में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं से जुड़ी 12 से अधिक अलौकिक आकृतियां उकेरी गईं। बारिश के कारण कार्यक्रम विलंब से शुरू होने के बावजूद रातभर हजारों की संख्या में मौजूद भीड़ टस से मस नहीं हुई।

बारिश भी नहीं कम कर सकी उत्साह

किशोरी रमण डिग्री कॉलेज के ऊपर आयोजित इस ऐतिहासिक शो का इंतजार श्रद्धालु रात 9:00 बजे से ही कर रहे थे। तेज बारिश के चलते शो अपने निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका, लेकिन करीब रात 11:30 बजे जैसे ही गगन में रंग-बिरंगे ड्रोन की लाइटें जगमगाईं, उपस्थित जनसमूह की नजरें आसमान पर टिक गईं।

आसमान में सजीव हुईं कान्हा की 12 से अधिक लीलाएं

500 ड्रोन के अद्भुत तालमेल से सबसे पहले आसमान में भगवान श्री कृष्ण के प्रिय ‘मोर पंख’ की विशाल और आकर्षक आकृति बनाई गई। इसके पश्चात एक के बाद एक कई दिव्य आकृतियां सजीव हो उठीं, जिनमें माता यशोदा की गोद में बैठे बाल कृष्ण, माखन खाते तथा माखन चुराते नटखट कन्हाई का स्वरूप शामिल रहा। साथ ही उफनती यमुना में वासुदेव जी द्वारा बाल कृष्ण को टोकरी में ले जाने और शेषनाग द्वारा छाया करने का अलौकिक दृश्य भी उकेरा गया। दर्शकों को गाय के साथ खड़े कृष्ण, बांसुरी बजाते बंशीधर और हाथ में सुदर्शन चक्र धारण किए भगवान श्रीकृष्ण के भव्य रूप भी देखने को मिले। जैसे ही हर नई आकृति आसमान में उभरती, पूरा परिसर श्रद्धालुओं की करतल ध्वनि और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठता।

ड्रोन टीम का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर ड्रोन के माध्यम से उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रति आभार प्रकट किया गया। शो के सफल समापन के बाद परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लक्ष्मी एन ने 500 ड्रोन का कुशलतापूर्वक संचालन करने वाली विशेषज्ञ टीम को सम्मानित किया और इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता पर बधाई दी।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Mathura: मथुरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया कान्हा का 5253वां जन्मोत्सव; सोने की कामधेनु गाय के दूध से हुआ अभिषेक

ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे  WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर 500 ड्रोन ने उकेरीं भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाएं श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर मध्यरात्रि 12:05 बजे हुआ प्रभु का प्राकट्य सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के किए दर्शन व पूजन-अर्चन OMR शीट और नॉर्मलाइजेशन की जांच के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग ने बनाई 5 सदस्यीय जांच समिति जंतर-मंतर से जुड़े मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर CJP कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन ISRO ने लॉन्च किया ‘बाज’ सैटेलाइट EOS-05 मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम; बांके बिहारी मंदिर में हुई दिव्य मंगला आरती भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पीयूष गोयल का बड़ा अपडेट