Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

इंदौर में सरेआम शराब ठेकेदार को मारी गोली, विरोध में पथराव

by • July 20, 2021
Advertisement
Ad

इंदौर
शहर (Indore Latest news Update) में सरेआम शराब ठेकेदार को कुछ गुंडों ने गोली मार दी है। घटना की जानकारी लगते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वारदात इंदौर के सत्यसांई चौराहा स्थित सिंडिकेट के ऑफिस के सामने हुई। घायल ठेकेदार अर्जुन पिता वीरेंद्रसिंह ठाकुर है। दोपहर में लोगों ने यहां गोली चलने की आवाज सुनी, तो सहम गए। वे कुछ समझते, तब तक हमलावर भाग गए। घायल अर्जुन को राजश्री अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर है। गोली अर्जुन के पेट में लगी है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। बताया जाता है कि दोनों के बीच शराब दुकान की लोकेशन को लेकर विवाद चल रहा है। घटना के बाद अर्जुन ठाकुर के समर्थकों ने सिंडिकेट के ऑफिस पर जमकर तोड़फोड़ की है। वही, प्रारंभिक तौर पर पता चला कि घायल अर्जुन की एबी रोड स्थित रघुनाथ पेट्रोल पंप के सामने शराब दुकान है। इसे लेकर कई महीनों से शराब सिंडिकेट से जुड़े लोगों से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले भी इसे लेकर विवाद हुआ था। यह दुकान पूर्व में अर्जुन के पिता चलाते थे।

पिता के निधन के बाद अर्जुन ने जब से दुकान संभाली, तभी से विरोधी उस पर दुकान देने के लिए दबाव बना रहे थे। बदमाश इस लोकेशन को हासिल करना चाह रहे हैं। दरअसल, यह शराब दुकान शहर की सबसे अच्छी लोकेशन पर होने के साथ ही यहां से सबसे ज्यादा रेवेन्यू मिलता है। इसे लेकर कई दिनों से गैंगवार की स्थिति बन रही थी। वहीं, लोगों के मुताबिक घटना के दौरान कुछ कुख्यात गैंगस्टर भी वहां थे।

मामले में पुलिस गैंगस्टर सतीश भाऊ, हेमू ठाकुर, चिंटू ठाकुर सहित अन्य की भूमिका की जांच कर रही है। उधर, घटना के बाद अर्जुन पक्ष के गुस्साए लोग सिंडिकेट के ऑफिस पहुंचे और पथराव किया। इसके चलते बिल्डिंग के अन्य ऑफिस बंद कर दिए। वहीं, घटना के बाद घटना स्थल और हॉस्पिटल बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि तीन-चार फायर किए गए हैं। यह भी पता चला है कि एक मामले में समझौते के लिए अर्जुन को बुलवाया गया था। इस दौरान बात बढ़ी और गोली मार दी गई। फिलहाल अभी विवाद का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.