Wed, Jun 17th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

ब्लाइंड मर्डर केस: बेटी ने उसी तरह से की मां की हत्या, जैसा प्रेमी ने वीडियो कॉल पर बताया!

by Raju Chaurasia • August 6, 2021
Advertisement
Ad

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस क्राइम ब्रांच टीम को ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने का दावा किया है। क्राइम ब्रांच टीम ने बताया कि 16 वर्षीय बेटी ने ही अपनी मां को मौत के घाट उतारा है। पुलिस का दावा है कि प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी के साथ मिलकर बेटी ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी, लेकिन मां को ऐतराज था और वो विरोध भी कर रही थी। इससे नाराज बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक लड़की ने रात को नींबू के पानी में मां को नींद की गोलियां दीं। इसके बाद प्रेमी ने उसे वीडियो कॉल कर हत्या करने का तरीका बताया।

बीते 10 जुलाई की रात वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके बाद 11 जुलाई से पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की जांच के लिए दिशा-निर्देश डीएलएफ क्राइम ब्रांच की टीम को दिए थे. मामले में 2 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपांशु उम्र 18 वर्ष पुत्र लवकेश निवासी जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश एवं एक नाबालिग लड़की उम्र 16 वर्ष निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है। फरीदाबाद के उड़िया कॉलोनी डबुआ में रहने वाले विशाल ने 11 जुलाई को पुलिस में शिकायत दी कि रात को किसी ने उसकी मां सुधा की हत्या कर दी है। जिस पर हत्या का मामला थाना डबुआ में दर्ज कर मामले की जांच क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंपी गई थी। क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने मामले को जल्द सुलझाने के लिए टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने अपने अनुभव, तकनीकी और सूत्रों के माध्यम से केस का खुलासा करते हुए आरोपी दीपांशु को 3 अगस्त और आरोपी किशोरी को बुधवार 4 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो कॉल पर बताता रहा तरीका
पुलिस के मुताबिक लड़के के कहे मुताबिक लड़की ने निंबू पानी (शिकंजी) में नींद की गोलियां डालकर अपनी मां को पिला दी। इसके बाद रात को करीब साढ़े 12 बजे आरोपी दीपांशु से विडियो कॉल की और साजिश अनुसार दीपांशु ने पहले तकिये से मुंह दबाने के लिए बोला और फिर चुन्नी से गला दबाने के लिए कहा। दीपांशु के कहे अनुसार पहले तकिये से और फिर चुन्नी से गला दबाकर लड़की ने अपनी मां सुधा की हत्या कर दी। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने दोनों आरोपियों को बीते बुधवार को अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने आरोपी दीपांशु को जेल में भेज दिया और नाबालिग आरोपी लड़की को करनाल नाबालिग जेल भेजने के निर्देश दिए।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.