Sun, Jun 7th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

काल बनकर दौड़ी ई बस, राष्ट्रपति ने जताया शोक

by Prahlad • January 31, 2022
Advertisement
Ad

घंटाघर से टाटमिल चौराहे तक रविवार की आधी रात इलेक्ट्रिक बस मौत बनकर दौड़ी। आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मारते हुए 15 लोगों को रौंद दिया। आखिर में बीच चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ से टकराई फिर डंपर में घुस गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। नौ लोग घायल हैं। घायलों में कइयों की हालत गंभीर है। देररात मृतकों में चार की पहचान हो सकी थी।
रविवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एक इलेक्ट्रिक बस तेज रफ्तार में घंटाघर चौराहे से टाटमिल की तरफ जा रही थी। पुल उतरते ही बस को विपरीत दिशा में चालक ने दौड़ाना शुरू किया और जो बीच में आया उसको रौंदते हुए निकल गया। टाटमिल चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ में टक्कर मारी और फिर चकेरी की तरफ से आ रहे डंपर से जा टकराई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। जिसमें से चार की शिनाख्त हो सकी। अन्य मृतकों की पहचान के लिए पुलिस जद्दोजहद में जुटी रही।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने कहा कि कानपुर में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर से अत्यंत दुःख हुआ है। इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
लाटूश रोड निवासी शिवम उर्फ शुभम सोनकर (30) अपने दोस्त ट्विंकल उर्फ सुनील सोनकर (30) व रमेश यादव एक स्कूटी में थे। ये भी बस की चपेट में आ गए। जिसमें शिवम व सुनील की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार बेकनगंज निवासी अस्लान (20) भी वहीं से गुजर रहे थे। उनकी भी मौत हो गई। नौबस्ता के केशव नगर निवासी अजीत कुमार (60) की भी मौत हो गई। अन्य की पहचान नहीं हो सकी। ई-बस ने सबसे पहले एक स्विफ्ट कार, फिर दो बाइकों, दो स्कूटी, एक टेंपो, एक जेन कार और फिर डंपर में टक्कर मारी।
हादसे में धनकुट्टी निवासी एक परिवार व उसके रिश्तेदार भी घायल हो गए। इसमें विनय शुक्ला, उनकी पत्नी आरती, जीजा राकेश त्रिपाठी व उनकी बहन नीलू जेन कार से रूमा से एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद लौट रहे थे। बेकाबू बस ने इस कार में भी टक्कर मारी थी। ये सभी लोग घायल हैं। इनमें से कइयों की हालत गंभीर है। इसके अलावा बाइक सवार अहिरवां निवासी सौरभ और अमित, टेंपो सवार प्रतापगढ़ निवासी जीतराम समेत अन्य छह सात लोग घायल हैं। कई घायल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हो गए हैं। जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.