यूनिक समय, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने ममता सरकार के खिलाफ अपनी घेराबंदी को चरम पर पहुँचा दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज ममता बनर्जी के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल को 'अराजकता और भ्रष्टाचार का युग' करार देते हुए एक विस्तृत 'आरोप पत्र' (चार्जशीट) जारी किया। अमित शाह ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि यह चुनाव केवल मुख्यमंत्री की कुर्सी बदलने का नहीं, बल्कि बंगाल की खोई हुई आत्मा को वापस पाने और राज्य को भयमुक्त बनाने का महासंग्राम है। उन्होंने टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ममता बनर्जी के शासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बनकर रह गया है, जहाँ ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। इस चार्जशीटके जरिए गृह मंत्री ने बंगाल में हो रही घुसपैठ को सबसे संवेदनशील मुद्दा बनाया। उन्होंने सीधे तौर पर ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट बैंक की खातिर सीमावर्ती इलाकों की डेमोग्राफी के साथ खिलवाड़ किया गया है, जिससे आज बंगाल घुसपैठियों के प्रवेश का मुख्य प्रवेश द्वार बन चुका है। अमित शाह के अनुसार, देश की आंतरिक सुरक्षा बंगाल के चुनावी नतीजों से जुड़ी है और जब तक यहाँ सत्ता परिवर्तन नहीं होता, तब तक घुसपैठ पर लगाम लगाना नामुमकिन है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन औद्योगिक संभावनाओं के लिए बंगाल जाना जाता था, आज टीएमसी के कुशासन में वह उद्योगपतियों के लिए 'कब्रिस्तान' में तब्दील हो चुका है। ममता बनर्जी की राजनीति पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि टीएमसी सुप्रीमो हमेशा 'विक्टिम कार्ड' खेलकर जनता की सहानुभूति बटोरने की कोशिश करती हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कभी पैर में चोट, तो कभी सिर पर पट्टी और कभी चुनाव आयोग को कोसना, यह ममता बनर्जी की पुरानी रणनीति रही है, लेकिन बंगाल की जागरूक जनता अब इस बेबसी के नाटक और भावनात्मक कार्ड की असलियत को समझ चुकी है। अमित शाह ने इस चार्जशीट को बंगाल की पीड़ित जनता की सामूहिक आवाज बताते हुए आह्वान किया कि अब समय आ गया है जब जनता 2011 से चली आ रही इस अराजकता का हिसाब लेगी और सोनार बांग्ला के स्वप्न को हकीकत में बदलने के लिए भाजपा को चुनेगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: World News: होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसेना के सुरक्षा चक्र के बीच निकले भारत के दो और तेल टैंकर