Wed, Jul 15th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

सावधान हो जाएं: कबाड़ी जो काटने के लिए लूटते हैं गाड़ियां

by Raju Chaurasia • May 6, 2022

सावधान हो जाएं: कबाड़ी जो काटने के लिए लूटते हैं गाड़ियां

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

यूपी के बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली हाईवे स्थित भाखड़ा नदी पुल के पास बीती एक मई को इको गाड़ी लूट ली गई थी। पुलिस ने लूटी गई यह इको बरेली जिले में उत्तराखंड सीमा से लगे बहेड़ी कस्बे से एक कबाड़ी के यहां बरामद की, जहां गाड़ी को काटा जाना था। पुलिस ने तीन मई को एक आरोपित अशफाक अहमद को गिरफ्तार करके इको लूट का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपित अशफाक बरेली जिले की ही बहेड़ी का रहने वाला कबाड़ी है, जिसने अपने तीन साथियों के साथ इको को लूटा। वे चारों ही कबाड़ का काम करते हैं। इस खुलासे के साथ पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि बहेड़ी में गाड़ियों को काटने का काम होता है। वजह यह कि यहां एक कबाड़खाने में पुलिस को 12 अन्य गाड़ियों के चेसिस नंबर भी मिले। जाहिर है कि ये सभी गाड़ियां काटी जा चुकी हैं। पुलिस का अनुमान है कि चोरी और लूट की गाड़ियों को काटने का काम बहेड़ी में एक गिरोह कर रहा है। हालांकि इस गिरोह को लेकर पुलिस ने अभी कोई खुलासा नहीं किया है पर पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसकी पूरी तहकीकात की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इको गाड़ी लूटने के गिरफ्तार आरोपी अशफाक अहमद ने पूछताछ में बताया कि एक मई को उसने अपने तीन साथियों के साथ जिस इको को मीरगंज में लूटा। उसे उन्होंने रामपुर रोडवेज बस स्टैंड से 1200 रुपये में मीरगंज क्षेत्र के हुरहुरी गांव के लिए बुक कराया था। चारों को रामपुर जिले के टिकटगंज गांव निवासी चालक योगेंद्र इको से लेकर जैसे ही मीरगंज के भाखड़ा नदी पुल पर पहुंचे, चारों ने गाड़ी रुकवा ली और चालक योगेंद्र के सिर पर तमंचे की बट मारी। इससे वह लहूलुहान हो गए तो चारों लुटेरों ने उन्हें हाईवे किनारे फेंक दिया और इको गाड़ी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

इको लूट की घटना की जांच में जुटी मीरगंज पुलिस को जानकारी मिली कि इस नंबर की गाड़ी बहेड़ी के कबाड़ी अशफाक अहमद के कबाड़खाने में है। पुलिस ने दबिश दी तो इको को काटने की तैयारी की जा रही थी। मौके से कबाड़ी अशफाक अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। अशफाक से पूछताछ में पुलिस को जानकारी हुई कि चारों ने इको को काटने के लिए लूटा था। पुलिस तीनों फरार लुटेरे कबाड़ियों की तलाश तो कर ही रही है। साथ ही लूट और चोरी की गाड़ियों को काटने वाले बहेड़ी के कबाड़ियों के गिरोह के सुराग भी जुटा रही है।

 

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.