यूनिक समय, मथुरा। कोसीकलां के प्रसिद्ध सर्राफा शोरूम 'जुगल किशोर अमित कुमार एंड संस' में हुई 14 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का मथुरा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पर्दाफाश हो गया है। 7 घंटे तक शोरूम के भीतर रहकर 10.50 किलो सोना और 15 लाख रुपये नकदी उड़ाने वाला कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि व्यापारी का ही पूर्व कर्मचारी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ-साथ चोरी का माल छुपाने के आरोप में उसके भाई, मां और बहन को भी गिरफ्तार कर लिया है। 7 घंटे शोरूम में रहकर चुराया 14 करोड़ का सोना पुलिस जांच में आरोपी की योजनाबद्ध साजिश की परतें खुलकर सामने आई हैं। रविवार रात करीब नौ बजे आरोपी पड़ोसी दुकान की छत के रास्ते शोरूम की छत पर पहुंचा। इसके बाद उसने कटर से लोहे का जाल काटा। रात में शोरूम के अंदर घुसकर आरोपी ने स्ट्रांग रूम का दरवाजा काटा और वहां रखी चाबी से तिजोरी खोल ली। उसने 10.50 किलो सोना और 15 लाख रुपये नकदी बैग में भर लिए। करीब सात घंटे तक शोरूम में रहने के दौरान आरोपी ने पानी भी पिया। उसने चालाकी दिखाते हुए चांदी, पीतल और सोने का पानी चढ़ी ज्वेलरी को हाथ तक नहीं लगाया। इसके बाद सुबह करीब सवा पांच बजे वह बैग लेकर शोरूम से बाहर निकल गया। 125 से अधिक CCTV खंगाले, कपड़े हटने पर चेहरे से हुई पहचान वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (DVR) भी अपने साथ उखाड़ ले गया था। हालांकि, पुलिस की तत्परता के आगे उसकी चालाकी काम न आ सकी। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी श्लोक कुमार ने 10 विशेष टीमें गठित कीं और एसटीएफ को भी जांच में लगाया गया। पुलिस ने जब इलाके के 125 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया, तो एक जगह पैदल जा रहे संदिग्ध के चेहरे से ढका हुआ कपड़ा हल्का-सा हट गया। सीसीटीवी फुटेज ज्वेलर अमित कुमार को दिखाए जाने पर उन्होंने आरोपी की पहचान अपने छह महीने पहले निकाले गए कर्मचारी पप्पू के रूप में की। एडीजी एसके भगत ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने रामनगर निवासी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी, उसके भाई मोहन सोनी, मां और बहन को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 6 महीने पहले नौकरी से निकाला गया था आरोपी पुलिस पूछताछ और शुरुआती जांच में घटना से जुड़ी प्रमुख जानकारियां सामने आई हैं। पकड़ा गया युवक कोसी कस्बे का ही रहने वाला है और वह पहले 'जुगल किशोर एंड संस' में काम करता था। आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों और हरकतों के चलते व्यापारी ने करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से बाहर कर दिया था। पूर्व कर्मचारी होने के कारण आरोपी को दुकान के प्रवेश द्वार, स्ट्रांग रूम, तिजोरी और सुरक्षा इंतजामों की पूरी जानकारी थी। उसने इसी जानकारी का फायदा उठाकर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नौकरों के भरोसे पर लगी चोट दुकान के ही पूर्व कर्मचारी द्वारा गद्दारी किए जाने की बात सामने आने के बाद व्यापारियों में गहरा असंतोष और चिंता का माहौल है। घटना से सबक लेते हुए सराफा व्यापारियों ने फैसला किया है कि अब किसी भी नए कर्मचारी को बिना ठोस गारंटी के काम पर नहीं रखा जाएगा। सराफा एसोसिएशन ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों से अपने-अपने कर्मचारियों का तत्काल पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अपील की है। इसके साथ ही दुकानों में सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा मानकों को दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड हादसा: महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने वाला आरोपी कल्याण बैंसला गिरफ्तार; BNS की धारा 109 दर्ज ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]