यूनिक समय, मथुरा। नीट पेपर लीक और छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं—लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की घटना की गूंज अब धर्मनगरी मथुरा में भी सुनाई देने लगी है। घटना के विरोध में मंगलवार देर रात करीब 10 बजे मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जितेंद्र मुकद्दम के नेतृत्व में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता होली गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। छात्रों पर लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा होली गेट चौराहे पर एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का सीधा आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण ढंग से छात्रों की न्यायपूर्ण आवाज उठाने वाले देश के मुख्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग और लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में भर्त्सना की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार युवाओं और छात्रों की मांगों का समाधान करने के बजाय उन पर लाठियां बरसाकर और बल प्रयोग करके उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की बुलंद हुई मांग प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारी नेताओं का कहना था कि देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली से करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में लटक गया है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विरोध में उठने वाली हर लोकतांत्रिक आवाज को पुलिस के दम पर कुचलने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। सूचना मिलते ही पहुंची कोतवाली पुलिस देर रात होली गेट पर अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराने और प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और उग्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस और नोकझोंक होती रही। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और नेताओं की समझदारी के चलते माहौल ज्यादा नहीं बिगड़ा और कुछ समय बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष जितेंद्र मुकद्दम ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी को पूरी तरह से अलोकतांत्रिक और तानाशाही कदम करार दिया। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के छात्रों, युवाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी। मुकद्दम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने अपना दमनकारी रवैया जल्द नहीं बदला और छात्रों की मांगों को पूरा नहीं किया, तो आने वाले दिनों में पार्टी मथुरा की सड़कों पर और अधिक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: भूमि एवं जल संरक्षण योजनाओं की प्रगति पर कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई समीक्षा बैठक ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]