यूनिक समय, मथुरा। अयोध्या के राम मंदिर में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितता के मामले को लेकर अब सियासत पूरी तरह गरमा गई है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी मंगलवार को कान्हा की नगरी मथुरा में बड़ा मोर्चा खोलने जा रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आज दोपहर से लेकर शाम तक अलग-अलग स्थानों पर विशाल पदयात्रा और प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे, जिसके जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इस मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे। श्री जी बाबा हनुमान मंदिर से श्रीकृष्ण जन्मस्थान तक जिला कांग्रेस की पदयात्रा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने बताया कि राम मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर आस्था के साथ हुए इस खिलवाड़ के खिलाफ पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलवार को दोपहर 1 बजे गोवर्धन रोड स्थित श्री जी बाबा हनुमान मंदिर पर एकत्र होंगे। यहाँ विशेष पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस की विशाल पदयात्रा शुरू होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य गेट तक जाएगी। मुकेश धनगर के मुताबिक, इस प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC), उत्तर प्रदेश प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC), महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के साथ-साथ पार्टी के सभी अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। महानगर कांग्रेस संभालेगी मोर्चा दूसरी ओर, महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से भी आज शाम को शहर के मुख्य बाजार में पदयात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। महानगर अध्यक्ष यतीन्द्र मुकद्दम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश नेतृत्व के कड़े निर्देशों पर शाम 4 बजे होली गेट से ऐतिहासिक विश्राम घाट तक एक विशेष पदयात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से सीधा संपर्क साधना है। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता से मुखातिब होंगे और राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर पार्टी का पक्ष उनके सामने रखेंगे। शांतिपूर्ण तरीके से जनता के बीच जाएगी कांग्रेस कांग्रेस के शीर्ष स्थानीय नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यह पूरा प्रदर्शन और पदयात्रा बेहद अनुशासित व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न की जाएगी। पार्टी का कहना है कि राम मंदिर में देश-विदेश के करोड़ों सनातनी हिंदुओं की अगाध श्रद्धा और गाढ़ी कमाई का दान जुड़ा हुआ है, ऐसे में वहाँ हुई वित्तीय गड़बड़ी ने हर रामभक्त को आहत किया है। कांग्रेस इसी संदेश को लेकर जनता की अदालत में जा रही है। प्रदर्शन के मद्देनजर स्थानीय पुलिस-प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: मथुरा-वृन्दावन में 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता महाअभियान का हुआ समापन; 10 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]