यूनिक समय, मथुरा। जिले के वृंदावन थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित रुक्मणी विहार में बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल की दूसरी मंजिल पर छज्जे की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई। इस हादसे में मलबे में दबने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नेपाल और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक मजदूर एसपी सिटी राजीव कुमार के अनुसार, हादसे के वक्त दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक लोहे की पाइपें, शटरिंग और कंक्रीट का मलबा नीचे आ गिरा। इस हादसे में कैलाली (नेपाल) निवासी शिवराम (40) की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। मलबे से निकाले गए तीन अन्य घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान कूच बिहार (पश्चिम बंगाल) निवासी रफीउल (40) और आलम (42) ने दम तोड़ दिया। वहीं, पश्चिम बंगाल के ही एक अन्य मजदूर दिलबर (42) का इलाज आगरा में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। लापरवाही का आरोप हादसे के बाद पहुंचे परिजनों और साथी मजदूरों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक शिवराम के परिजनों का कहना है कि वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने पीड़ित परिवारों के लिए ₹50 लाख के मुआवजे की मांग की है। दूसरी ओर, ओमेक्स मॉल के प्रबंधक आर.के. जैन ने बताया कि सुबह छज्जा निर्माण के समय यह हादसा हुआ। सामान्य दिनों में 50 मजदूर काम करते हैं, लेकिन सुबह के वक्त 4-5 मजदूर ही तैनात थे। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी आंतरिक जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: पुरानी पेंशन की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे सफाई कर्मचारी; राजीव भवन से डीएम दफ्तर तक जोरदार प्रदर्शन ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]