Sat, Jun 20th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

कई राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार, दिल्ली समेत इन शहरों में बारिश का अलर्ट

by Raju Chaurasia • April 5, 2024
Advertisement
Ad

नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। दिन में लू भी चल रही है। मौसम विभाग ने ओडिशा, झारखंड, रायलसीमा, गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश, और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में गर्म हवाएं (हीटवेव) चलने की चेतावनी जारी की है।

इन राज्यों में अधिकतम तापमान 40-43 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। विदर्भ और तेलंगाना में भी लू चलने का अलर्ट है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा में भी गर्मी का असर देखा जा रहा है।

बिहार में बृहस्पतिवार को राज्य के नौ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। बक्सर जिले में सबसे अधिक तापमान 42.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं शेखपुरा में 42.1 डिग्री, औरंगाबाद में 41.5 डिग्री, बांका में 41 डिग्री, खगड़िया में 40.8 डिग्री, गोपालगंज में 40.6 डिग्री, भोजपुर और सीवान में 40.4 डिग्री और नवादा में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था, जिसमें रोहतास जिले का डेहरी (40 डिग्री सेल्सियस), जमुई (39.8 डिग्री), गया (39.6 डिग्री), मोतिहारी (39.5 डिग्री), मधुबनी (39.3 डिग्री), वाल्मिकीनगर (39 डिग्री) शामिल हैं। अगले दो-तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी।

एक जहां लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं वहीं पूर्वोत्तर भारत में मौसम का मिजाज कई दिनों से बदला-बदला सा नजर आज रहा है। मौसम विभाग ने रात के समय पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों, विशेष रूप से मणिपुर और दक्षिण-पूर्व असम और दक्षिण मेघालय के आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावना जताई है।

दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की बारिश हो सकती है। आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को दिल्ली में एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। अगले तीन दिनों तक दिन के समय 25-35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।

राजस्थान के अनेक इलाकों में बीते चौबीस घंटे में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई इलाकों में आज व आने वाले एक दो दिन बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटे में राज्य के हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनू, सीकर व आसपास के क्षेत्र में बादलो की गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई है। 5-6 अप्रैल को भी कुछ भागों में बादल छाए रहने व छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.