यूनिक समय, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महेश मोटे को मनसे प्रमुख राज ठाकरे पर टिप्पणी करना भारी पड़ गया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने इन्फ्लुएंसर के साथ तीखा विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने उनके चेहरे पर स्याही पोती, सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक कराई और राज ठाकरे की तस्वीर के सामने प्रणाम कराया। घटना के बाद इन्फ्लुएंसर का माफीनामे का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पार्क से पकड़कर दफ्तर ले गए कार्यकर्ता पूरा मामला करीब 15 दिन पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई एक रील से जुड़ा है। मनसे के हडपसर उप-विभागीय अध्यक्ष शुभम जगदाले का दावा है कि महेश मोटे ने एक वीडियो रील में राज ठाकरे और मनसे पदाधिकारियों के खिलाफ बेहद अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। टिप्पणी करने के बाद महेश मोटे केरल चले गए थे। जैसे ही सोमवार को उनके पुणे के कात्रज इलाके में होने की भनक लगी, मनसे कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। वे महेश मोटे को कात्रज के एक पार्क से पकड़कर पार्टी के जनसंपर्क कार्यालय ले आए। चेहरे पर पोती कालिख, कराया दंडवत प्रणाम कार्यालय के अंदर मनसे कार्यकर्ताओं ने महेश मोटे के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने महेश मोटे के चेहरे पर काली स्याही पोत दी। इसके बाद उनके सिर पर चप्पल रखकर उनसे उठक-बैठक कराई गई। उन्हें मनसे दफ्तर में लगी राज ठाकरे की तस्वीर के सामने साष्टांग दंडवत प्रणाम कराया गया। इतना ही नहीं, उनसे बिना शर्त माफी मांगने के लिए भी मजबूर किया गया। रोते हुए मांगी माफी, वीडियो हुआ वायरल घटनाक्रम के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इन्फ्लुएंसर अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में महेश मोटे हाथ जोड़कर और आंखों में आंसू लिए राज ठाकरे, मनसे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बिना शर्त माफी मांगते दिख रहे हैं। उन्होंने वीडियो में कहा कि उनसे अनजाने में राज साहब और मनसे नेताओं के बारे में गलत बातें निकल गई थीं, जिसका उन्हें गहरा पछतावा है। उन्होंने भविष्य में ऐसी टिप्पणी न करने का आश्वासन दिया। मनसे नेता ने कार्रवाई को बताया 'MNS स्टाइल' इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मनसे नेताओं ने अपने कृत्य का बचाव किया है। मनसे नेता शुभम जगदाले ने इसे मनसे का पारंपरिक जवाब करार देते हुए कहा कि पार्टी दफ्तर में महेश मोटे को 'महाप्रसाद' दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जो कोई भी राज साहब ठाकरे या पार्टी के खिलाफ ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी करेगा, मनसे उसे अपनी शैली में इसी तरह करारा जवाब देगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura: छाता शुगर मिल पर 40 दिन से जारी धरना देर रात पुलिस प्रशासन ने कराया खत्म; पूरे क्षेत्र ने पुलिस बल तैनात ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]