Mon, Sep 7th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

सिसौदिया का दावा-बीजेपी ने दिया आप को तोड़ने का संदेश, भाजपा का पलटवार-सुबह-सुबह खा लिया भांग

by Raju Chaurasia • August 22, 2022

सिसौदिया का दावा-बीजेपी ने दिया आप को तोड़ने का संदेश, भाजपा का पलटवार-सुबह-सुबह खा लिया भांग

इस खबर को सुनें • हिंदी

00:00
00:00
Advertisement
Ad

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को दावा किया कि बीजेपी की ओर से उन्हें कहा गया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) तोड़कर भाजपा में चले आएं सारे केस बंद करवा दिए जाएंगे। इसके जवाब में भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने कहा कि सिसोदिया ने सुबह-सुबह भांग खा लिया है।

मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, “मेरे पास भाजपा का संदेश आया है- “आप” तोड़कर भाजपा में आ जाओ, सारे CBI और ED के केस बंद करवा देंगे। मेरा भाजपा को जवाब- मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं, राजपूत हूं। सिर कटा लूंगा, लेकिन भ्रष्टाचारियों-षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूंगा नहीं। मेरे खिलाफ सारे केस झूठे हैं। जो करना है कर लो।”

मनीष सिसोदिया के दावे पर भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने पलटवार किया है। वर्मा ने कहा कि सिसोदिया क्या सुबह-सुबह भांग खाकर उठे हैं या एक ग्लास शराब पी लेते हैं? मैं समझ नहीं पा रहा। उन्हें सुबह-सुबह प्राणायाम करना चाहिए, योग करना चाहिए। इससे उनका मन शांत रहेगा। सुबह-सुबह कुछ भी बोल देना। एक राज्य के उपमुख्यमंत्री ऐसी बेतूकी बात करे तो क्या जवाब दिया जाए। उन्हें नाम बताना चाहिए कि भाजपा के किस नेता ने ऐसा संदेश दिया है। अगर वह 100 बार भी जमीन पर नाक रगड़ेंगे तब भी उन्हें भाजपा में जगह नहीं मिलेगी।

दरअसल, दिल्ली एक्साइज पॉलिसी घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने मनीष सिसोदिया समेत 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि सिसोदिया और अन्य आरोपी लोक सेवकों ने निविदा के बाद लाइसेंसधारियों को अनुचित लाभ देने के इरादे से सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बिना एक्साइज पॉलिसी 2021-22 से संबंधित सिफारिश की और निर्णय लिया। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पिछले महीने मुख्य सचिव की एक रिपोर्ट के बाद नई शराब नीति में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

शुक्रवार को सीबीआई ने दिल्ली में मनीष सिसोदिया के घर समेत सात राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में 20 अन्य स्थानों पर छापा मारा था। करीब 14 घंटे तक जांच एजेंसी ने सिसोदिया के घर की तलाशी ली थी। मनीष सिसोदिया ने रेड के बाद बताया था कि सीबीआई ने उनकी मोबाइल व कंप्यूटर को जब्त कर लिया है।

 

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.