Mon, Jun 15th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

UP GIS 2023: मुकेश अंबानी का ऐलान, यूपी में बनाया जाएगा जियो स्कूल

by यूनिक समय • February 11, 2023
Advertisement
Ad

उत्तर प्रदेश में विकास के नए आयामों को हासिल करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 इस दिशा में अहम साबित होने वाला है। रिलायंस भी इस विकास यात्रा में साझीदार होगा। मुकेश अंबानी ने इसको लेकर कई घोषणाएं की हैं।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में चल रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने निवेश के कई ऐलान किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रभु राम भूमि है। लखनऊ भगवान लक्ष्मण की स्थली रही है। इस पावन भूमि पर विकास के अवसर बन रहे हैं। आर्थिक और सामाजिक विकास का मार्ग बना है। उन्होंने कहा कि नोएडा से गोरखपुर तक जोश हाई है। लोगों में विकास को लेकर ललक हैं। लोग आगे बढ़कर काम करने को लालायित दिख रहे हैं। सरकार के स्तर पर भी प्रयास हो रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में विकास की संभावनाएं बनती दिख रही है। मुकेश अंबानी ने रिलायंस ग्रुप की ओर से 4 साल में 75 हजार करोड़ के निवेश की घोषणा यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के मंच से की।

मुकेश अंबानी ने अपने संबोधन के दौरान यूपी के विकास का चार सूत्री एजेंडा पेश किया। यूपी में रिलायंस इंडस्ट्रीज के 4 वर्षों में 75 हजार करोड़ के भारी-भरकम का इन्वेस्टमेंट की बात कर उन्होंने साफ कर दिया कि प्रदेश उनकी कंपनी की प्राथमिकता सूची में है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एजेंडे में 5जी को प्रमुख स्थान दिया गया है। अंबानी के भाषण में भी इसकी छाप दिखी। उन्होंने वर्ष 2023 तक प्रदेश के सभी गांवों को 5जी कनेक्टिविटी से जोड़ने की घोषणा की। यह यूपी और केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया के क्षेत्र में बड़ी पहल होगी। गांव के लोग भी 5जी तकनीक का प्रयोग कर पाएंगे। हाईस्पीड इंटरनेट लोगों के लिए कई नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

यूपी के विकास के एजेंडे की चर्चा करते हुए मुकेश अंबानी ने नौजवानों की ताकत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यूपी में कार्यबल की कमी नहीं है। नई तकनीक से युवाओं की ताकत को विकास से जोड़ने के लिए सही दिशा में मोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यूपी के विकास एजेंडे के तीसरे सूत्र का जिक्र करते हुए अंबानी ने कहा कि यूपी में क्षेत्रीय असंतुलन खत्म हो रहा है। देश में पीएम नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से देश में बदलाव हो रहे हैं। नए भारत का निर्माण हो रहा है। इसमें देश की सबसे अधिक युवा आबादी बड़ी भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि देश की आशा का केंद्र उत्तर प्रदेश बन गया है।

मुकेश अंबानी ने विकास के चौथे सूत्र के रूम में उम्मीद को रखा। उन्होंने कहा कि देश की आशा के केंद्र बने यूपी से उम्मीद है। नोएडा से गोरखपुर तक के लोगों में उत्साह बढ़ा है। उत्तर प्रदेश अब देश का उत्तम प्रदेश्सा बन रहा है। कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। हम देश की सबसे अधिक आबादी वाले राज्य को सबसे समृद्ध प्रदेश बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुकेश अंबानी ने इस कार्यक्रम के दौरान अपने दो नए प्रोडक्ट का ऐलान किया। ये जियो स्कूल और जियो एआई डॉक्टर हैं।

मुकेश अंबानी ने जियो स्कूल और जियो एआई डॉक्टर के जरिए प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी निवेश की योजना तैयार की है। जियो स्कूल और जियो एआई डॉक्टर के जरिए पूरे यूपी में सस्ती दर पर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मुहैया कराने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही रिलायंस ग्रुप हजार से अधिक किराना स्टोर प्रदेश में खोलेगी। रिलायंस की योजना प्रदेश में 10 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी प्लांट लगाने की है। बॉयो एनर्जी उद्योग की भी शुरुआत की घोषणा अंबानी ने की।

मुकेश अंबानी ने कहा कि वर्ष 2018 से अब तक प्रदेश में रिलायंस ने 50 हजार करोड़ का निवेश किया है। इससे 80 हजार लोगों को रोजगार मिला है। अगले चार सालों में रिलायंस ग्रुप प्रदेश में 75 हजार करोड़ का निवेश करेगी। इससे एक लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.