यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। शनिवार तड़के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में गोरखपुर का एक ही परिवार शामिल है, जो बेटी की शादी संपन्न कराकर घर वापस लौट रहा था। इस भीषण टक्कर में परिवार के पालतू कुत्ते की भी मौत हो गई। नींद की झपकी बनी काल हादसा सुबह करीब 3:00 बजे उस समय हुआ जब गोरखपुर के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव का परिवार रांची से वापस लौट रहा था। शुरुआती जांच के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (JH 21G3927) के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चला गया और सामने से आ रहे भारी ट्रेलर ट्रक (BR 28GB2171) से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान घोषी के सीओ जितेंद्र सिंह के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में गोरखपुर के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27) शामिल हैं, जबकि उनके साथ बिहार के गया निवासी रविंद्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) की भी मौत हो गई है। शादी के घर में पसरा सन्नाटा विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी की शादी की रस्में पूरी कर रांची से खुशियां लेकर लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर पहुंचने से चंद घंटों पहले ही यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा। हादसे की सूचना जैसे ही गोरखपुर स्थित उनके पैतृक गांव रानीडीहा पहुंची, वहां कोहराम मच गया। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही दोहरीघाट पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मऊ जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को फिर से सुचारू कराया गया है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: UK Board Result 2026 Out: हाईस्कूल में अक्षत और इंटर में गीतिका-सुशीला ने मारी बाजी, यहाँ देखें टॉपर्स की पूरी लिस्ट [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]