यूनिक समय, गोवर्धन (मथुरा)। धार्मिक नगरी गोवर्धन में बड़ी परिक्रमा मार्ग पर सोमवार दोपहर एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर रही मुंबई की एक श्रद्धालु युवती पर एक अज्ञात युवक ने हमला कर दिया। आरोपी ने हमला करने के दौरान युवती की नाक को दांत से काट लिया और उसकी सोने की नोजपिन छीनकर मौके से फरार हो गया। इस वारदात के बाद परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। परिक्रमा मार्ग पर अचानक किया हमला पीड़िता के अनुसार घटना उस समय हुई जब वह रोज की तरह गिरिराज जी की परिक्रमा पूरी कर रही थी। बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित गिरिराज तलहटी के पास अचानक डंडा लिए करीब 25 वर्ष का एक युवक आया। आरोपी ने युवती को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। पीड़िता का आरोप है कि हमलावर ने काफी देर तक उसका गला दबाए रखा। इसके बाद उसने दांत से युवती की नाक काट ली, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया। पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता से जानकारी जुटाई। मूल रूप से कश्मीरी पंडित परिवार से ताल्लुक रखने वाली पीड़िता मोनिका मुंबई की रहने वाली है। वह बीते छह महीने से गोवर्धन के पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास एक कॉलोनी में रहकर नियमित परिक्रमा कर रही थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। सीओ अनिल कुमार का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Cricket: ब्रेंडन टेलर ने रचा इतिहास; सचिन तेंदुलकर का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोडा, बने सबसे लंबे वनडे करियर वाले खिलाड़ी ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।