यूनिक समय, मथुरा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को उस वक्त रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर देखने को मिला, जब ट्रैक्टरों की खेप लेकर जा रहा एक विशाल ट्राॅला गोकुल रेस्टोरेंट के पास बने पुल पर अनियंत्रित होकर हवा में लटक गया। देखते ही देखते ट्राॅला पुल की मजबूत रेलिंग को चकनाचूर करते हुए नीचे सर्विस रोड की ओर झुक गया, जिससे नीचे से गुजरने वाले राहगीरों की सांसें अटक गईं। गनीमत रही कि ट्राॅला पूरी तरह नीचे नहीं गिरा, अन्यथा पुल के नीचे चल रहे वाहनों पर गिरने से भीषण जान-माल का नुकसान हो सकता था। इस हादसे में चालक घायल हुआ है, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्राॅला में कई नए ट्रैक्टर लदे हुए थे, जिनका भारी वजन इसे नीचे की ओर खींच रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और एहतियात के तौर पर हाईवे और सर्विस रोड के यातायात को रोक दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, असली चुनौती ट्रैक्टरों से लदा ट्राॅला को सुरक्षित नीचे उतारने में आई, जहाँ मौके पर पहुँचे क्रेन संचालकों और ट्राॅला मालिक के बीच तीखी बहस छिड़ गई। क्रेन ऑपरेटरों का साफ कहना था कि जब तक लदे हुए ट्रैक्टरों को पहले नहीं उतारा जाता, तब तक ट्राॅला को खींचना आत्मघाती होगा, क्योंकि संतुलन बिगड़ने पर पूरा ढांचा नीचे गिर सकता है। दूसरी ओर, ट्राॅला मालिक बिना ट्रैक्टर उतारे ही रेस्क्यू करने की जिद पर अड़ा रहा, जिसके कारण काफी देर तक गतिरोध बना रहा और क्रेन चालकों ने खतरा उठाने से इनकार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर समय रहते सही तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया गया, तो पुल के ढांचे को भी नुकसान पहुँच सकता है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने विशेषज्ञों की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की योजना बनाई है, ताकि ट्रैक्टरों को सुरक्षित उतारकर ट्राॅला को हटाया जा सके। इस दौरान दिल्ली-आगरा हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों को भारी जाम और डाइवर्जन का सामना करना पड़ रहा है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: UP News: सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बांटे 69 हजार से अधिक स्मार्टफोन; पिछली सरकारों पर साधा निशाना [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]