यूनिक समय, मथुरा। जनपद के छाता थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) स्थित छाता फ्लाईओवर पर एक अज्ञात ट्रक ने बाजार जा रहे 35 वर्षीय युवक को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाजार से सामान लेने निकला था नरेंद्र जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रेलवे स्टेशन कॉलोनी निवासी नरेंद्र (35) पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई है। नरेंद्र पेशे से मजदूर थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते थे। शुक्रवार सुबह जब नरेंद्र घर से बाजार का कुछ जरूरी सामान लेने के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हुआ। जैसे ही वे रेलवे स्टेशन कॉलोनी की ओर से छाता फ्लाईओवर पार करने लगे, पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक नरेंद्र को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेंद्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। नरेंद्र अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और पत्नी को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही काफी कमजोर थी और घर में नरेंद्र ही एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति थे। उनकी मौत के बाद अब परिवार के सामने जीवन-यापन का गहरा संकट खड़ा हो गया है। पुलिस की कार्रवाई और स्थानीय आक्रोश सूचना पाकर छाता पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हाईवे पर लगी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश की जा रही है। हाईवे पर रफ्तार के कहर से दहशत इस दुखद घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहन नियमों को ताक पर रखकर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे आए दिन मासूम लोगों की जान जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फ्लाईओवर और आसपास के रिहायशी इलाकों में वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए कड़े इंतजाम किए जाएं। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: India-US Ties: ‘न्यू इंडिया कॉन्फ्रेंस’ में भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]